Sarfaraz Khan: जहां एक तरफ सभी 10 आईपीएल फ्रेंचाइजी ऑक्शन की तैयारी कर रही थी, वहीं दूसरे तरफ टीम इंडिया के बल्लेबाज सरफराज खान सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्ले से कहर बरपा रहे थे। उन्होंने आईपीएल 2026 के ऑक्शन के शुरू होने से ठीक पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्ले से कहर बरपाया। उन्होंने टूर्नामेंट के सुपर ग्रुप बी मैच में राजस्थान के खिलाफ मैच में तूफानी पारी खेली। उन्होंने इस मैच में महज 22 गेंदों में 73 रन ठोक दिए और टीम के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
सरफराज खान ने 331.82 की स्ट्राइक रेट से बनाए रन
राजस्थान के खिलाफ इस 73 रन की पारी के दौरान सरफराज खान का स्ट्राइक रेट 331.82 का रहा और इस दौरान उनके बल्ले से 7 छक्के और 6 चौके आए। सरफराज ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। यह उनके करियर का सबसे तेज पचासा है। पिछले मैच में सरफराज ने 18 गेंदों में फिफ्टी मारी थी लेकिन इस मैच में उन्होंने 15 गेंदों में ही अर्धशतक जड़ दिया। इस पारी का फायदा सरफराज को ये हुआ कि आईपीएल ऑक्शन के पहले राउंड में अनसोल्ड रहने के बाद एक्सीलेरेटेड राउंड में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 75 लाख में खरीद लिया।
मुंबई ने राजस्थान को हराया
राजस्थान और मुंबई के बीच खेले गए इस मैच की बात करें तो वहां राजस्थान की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए मुंबई के सामने 217 रन का टारगेट रखा था। सरफराज खान की धुआंधार पारी के दम पर मुंबई की टीम ने 217 रनों का बड़े टारगेट को 11 गेंद पहले ही हासिल कर लिया। रहाणे ने भी इस मैच में 41 गेंदों में नाबाद 72 रन की पारी खेली। अंत में मुंबई की टीम ने 3 विकेट से इस मैच को अपने नाम किया।'
IPL में सरफराज खान के आंकड़े
सरफराज खान के आईपीएल करियर की बात करें तो वो इस टूर्नामेंट में दिल्ली, आरसीबी और पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं। सरफराज ने आईपीएल में अब तक 50 मैचों में 22.5 की औसत से 585 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ एक ही अर्धशतक देखने को मिला है। जाहिर तौर पर ये रिकॉर्ड इतना अच्छा नहीं है लेकिन सरफराज ने पिछले कुछ समय में अपने खेल में काफी बड़े बदलाव किए हैं और अब वो अलग स्तर के बल्लेबाज नजर आते हैं। बल्लेबाजी के साथ-साथ उन्होंने फिटनेस पर भी काम किया है। वह पिछले मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 ऑक्शन हुआ खत्म कुल 77 प्लेयर्स बिके, यहां देखें सभी 10 टीमों का फुल स्क्वाड