Pathum Nissanka Record: श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने एशिया कप 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-4 मैच में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 15 गेंदों में 22 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने टी-20 एशिया कप में 300 रन भी पूरे कर लिए। टी-20 एशिया कप में निसंका से पहले विराट कोहली ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने 300 से ज्यादा रन बनाए हैं।
पथुम निसंका ने टी-20 एशिया कप में पूरे किए 300 रन
टी-20 एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। विराट कोहली ने टी-20 एशिया कप में 10 मैचों में 429 रन बनाए हैं। लिस्ट में दूसरे नंबर पर पथुम निसंका पहुंच गए हैं। उन्होंने 10 मैचों में 319 रन बनाए हैं। ये दोनों बल्लेबाज ऐसे हैं जिन्होंने टी-20 एशिया कप में 300 से अधिक रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर बाबर हयात का नाम है। हयात ने 8 मैचों में 292 रन बनाए हैं। 281 रनों के साथ रिजवान चौथे और 277 रन के साथ कुसल मेंडिस पांचवें नंबर पर हैं।
श्रीलंका के लिए टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं निसंका
आपको बता दें कि निसंका टी-20 इंटरनेशनल में श्रीलंका के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने 72 मैचों की 71 पारियों में 2096 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में टॉप पर कुसल परेरा का नाम है। परेरा ने 86 मैचों में 2203 रन बनाए हैं। कुसल मेंडिस दूसरे नंबर पर हैं, उन्होंने 88 मैचों में 2198 रन बनाए हैं। पूर्व सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान ने 80 मैचों में 1889 रन बनाए हैं और वह इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं।
सुपर-4 में बांग्लादेश ने श्रीलंका को हराया
बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेले गए सुपर-4 मैच की बात करें तो वहां बांग्लादेश ने आखिरी ओवर में 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने बांग्लादेश के सामने 169 रन का टारगेट रखा था। जवाब में बांग्लादेश ने इस टारगेट को 19.5 ओवर में हासिल कर लिया। बांग्लादेश की तरफ से सैफ हसन और तौहीद हृदोय ने अर्धशतक लगाया। सैफ ने 45 गेंदों में 61 तो वहीं हृदोय ने 37 गेंदों में 58 रन बनाए। सुपर-4 बांग्लादेश का अगला मैच भारत से 24 सितंबर और श्रीलंका का अगला मैच पाकिस्तान से 23 सितंबर को होगा।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया में दिखाया दम, तूफानी पारी में ठोक डाली इतनी बाउंड्री