1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सचिन तेंदुलकर से भी आगे निकल गए ​स्टीव स्मिथ, दुनिया के दो ही बल्लेबाज हैं आगे

सचिन तेंदुलकर से भी आगे निकल गए ​स्टीव स्मिथ, दुनिया के दो ही बल्लेबाज हैं आगे

 Published : Jan 06, 2026 12:08 pm IST,  Updated : Jan 06, 2026 12:08 pm IST

स्टीव स्मिथ ने एशेज सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ एक और शतकीय पारी खेली है। सीरीज का ये आखिरी मुकाबला है। पहले ट्रेविस हेड ने शतक लगाया और इसके बाद स्टीव स्मिथ ने भी कमाल की बल्लेबाजी की।

steve smith- India TV Hindi
स्टीव स्मिथ Image Source : GETTY

Steve Smith Century: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज का इस वक्त पांचवां मुकाबला चल रहा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले तीन मैच जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है, लेकिन इस बीच स्टीव स्मिथ आखिरी मैच में भी कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सिडनी में खेल जा रहे आखिरी टेस्ट में स्मिथ ने एक और शतक ठोक दिया है। अब टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 37 शतक हो गए हैं। उन्होंने सबसे कम टेस्ट पारियों में 37 शतक पूरे करने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे कर दिया है। केवल एक पारी के अंतर से स्मिथ आगे हैं। 

स्मिथ ने केवल 219 टेस्ट पारियों में ही पूरे किए 37 शतक

सिडनी में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले तो ट्रेविस हेड ने शतक लगाया और इसके बाद ​स्टीव स्मिथ ने भी सैकड़ा ठोक दिया। हेड ने 166 बॉल पर कमाल की 163 रनों की पारी खेली। वहीं स्टीव स्मिथ ने 166 बॉल पर शतक पूरा करने में कामयाबी हासिल की। ये स्टीव स्मिथ की 219वीं पारी थी। सचिन तेंदुलकर ने जब अपने टेस्ट करियर में 37 शतक लगाए थे, तब तक वे 220 पारियां खेल चुके थे। यानी केवल एक पारी के अंतर से स्मिथ सचिन से आगे निकल गए हैं। हालांकि इस मामले में रिकी पोंटिंग पहले नंबर पर हैं। पोंटिंग ने जब अपने 37 टेस्ट शतक पूरे किए थे, तब तक उन्होंने 212 ही पारियां खेली थीं। वहीं श्रीलंका के कुमार संगकारा ने 218 टेस्ट पारियों में 37 शतक लगाए थे। 

टेस्ट कप्तान के तौर पर स्टी​व स्मिथ की ये 18वीं सेंचुरी

स्टीव स्मिथ इस मैच में अपनी टीम की कप्तानी भी कर रहे हैं। चोट के कारण पैट कमिंस इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। बतौर टेस्ट कप्तान ये स्टीव स्मिथ की 18वीं सेंचुरी है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ हैं, जिन्होंने 25 टेस्ट शतक कप्तान के तौर पर लगाए हैं। वहीं विराट कोहली ने 20 टेस्ट शतक कप्तान के रूप में लगाने का का काम किया है। अगर कप्तान रहते हुए स्मिथ ने एक और शतक लगा दिया तो वे रिकी पोंटिंग की बराबरी कर लेंगे,​ जिन्होंने 19 टेस्ट शतक कप्तान के तौर पर लगाने का काम किया है। अब देखना होगा कि आगे ​स्टीव स्मिथ को कप्तानी करने का मौका मिलेगा या फिर पैट कमिंस ही वापसी करेंगे। हालांकि अगली सीरीज में वक्त है। इसलिए इसके जवाब के लिए इंतजार करना होगा। 

एशेज में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में डॉन ब्रैडमैन पहले नंबर पर

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दो ऐसी टीमें हैं, जिनके लिए एशेज सीरीज सब कुछ होती है। इसी ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित एशेज सीरीज में स्टीव स्मिथ अब तक 13 शतक लगाने में कामयाब चुके हैं। अब इस सीरीज में केवल डॉन ब्रेडमैन ही उनसे आगे हैं। डॉन ब्रेडमैन ने अपने करियर में 19 शतक एशेज सीरीज के दौरान ही लगाए हैं। इस लिस्ट में जैक होब्स को पीछे कर अब स्टीव स्मिथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। हालांकि डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड तोड़ना आसान काम नहीं होगा। लेकिन कम से कम स्मिथ उनका पीछा तो कर ही रहे हैं। 

यह भी पढ़ें 

वैभव सूर्यवंशी का एक और कारनामा, ऋषभ पंत का रिकॉर्ड कर दिया चकनाचूर

जो रूट बनाम सचिन तेंदुलकर, 41 टेस्ट शतक के बाद कैसा है दोनों प्लेयर का रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल