Suryakumar Yadav Batting: भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 मैच में 7 विकेट से हरा दिया और सीरीज जीतने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। भारतीय टीम अभी सीरीज में 1-2 से पीछे है। टीम इंडिया के लिए तीसरे टी20 में सूर्यकुमार यादव ने कमाल का खेल दिखाया। उनकी वजह से ही टीम मैच जीतने में सफल रही। उन्होंने तूफानी पारी खेली और शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
160 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जब ओपनर यशस्वी जायसवाल अपने पहले मैच ही में 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इन दोनों के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने रन बनाने की जिम्मेदारी संभाल ली। उन्होंने मैदान के हर तरफ स्ट्रोक लगाए और धमाकेदार पारी खेली। सूर्या एक बार फिर अपनी पुरानी लय में दिखे। उन्होंने 44 गेंदों में 83 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 लंबे छक्के शामिल थे। इस के साथ वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने शिखर धवन को पीछे छोड़ दिया है। सूर्या ने 51 T20I मैचों में 1780 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक शामिल हैं। वहीं, धवन ने 1759 रन बनाए हैं।
विराट कोहली- 4008 रन
रोहित शर्मा- 3853 रन
केएल राहुल- 2265 रन
सूर्यकुमार यादव- 1780 रन
शिखर धवन- 1759 रन
वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले सूर्यकुमार यादव के नाम T20I मैचों में 97 छक्के दर्ज थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने तीसरे टी20 मैच में 4 छक्के लगाए और वह T20I मैचों में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 49 पारियों में 100 छक्के पूरे किए हैं। पहले नंबर पर एविन लुईस हैं। उन्होंने 42 पारियों में ये कारनाम किया था। सूर्यकुमार यादव स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद 100 छक्के पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बने हैं।
एविन लुईस- 42 पारियां
सूर्यकुमार यादव- 49 पारियां
क्रिस गेल- 49 पारियां
कोलिन मुनरो- 57 पारियां
आरोन फिंच- 70 पारियां
सूर्यकुमार यादव ने भारत के लिए साल 2021 में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वह टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बन गए। उन्होंने अभी तक टीम इंडिया के लिए 51 मैचों में 1780 रन बनाए हैं।
संपादक की पसंद