1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup 2022 : टीम इंडिया जीतेगी विश्व कप, इस बार बन रहा 7 का सुखद संयोग

T20 World Cup 2022 : टीम इंडिया जीतेगी विश्व कप, इस बार बन रहा 7 का सुखद संयोग

 Published : Oct 05, 2022 04:38 pm IST,  Updated : Oct 05, 2022 04:38 pm IST

T20 World Cup 2022 : साल 2007 में पहला टी20 विश्व कप खेला गया था, भारतीय टीम ने एमएस धोनी की कप्तानी में इस पर कब्जा जमाया था।

T20 World Cup 2022- India TV Hindi
T20 World Cup 2022 Image Source : INDIA TV

Highlights

  • टी20 विश्व कप 2022 का आयोजन इस बार ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से होगा
  • भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के खिलाफ पहला मैच खेलकर करेगी शुरुआत
  • साल 2007 में टीम इंडिया ने एमएस धोनी की कप्तानी में जीता था विश्व कप

T20 World Cup 2022 : टी20 विश्व कप 2022 अब से कुछ ही दिन बाद शुरू होने जा रहा है। सभी टीमें अपनी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। टीमों का ऐलान हो चुका है और जल्द ही टीमें ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर उतरने भी वाली हैं। भारतीय टीम छह सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भरेगी। भारत ने साल 2007 में पहली बार टी20 विश्व कप जीता था, ये विश्व कप का पहला सीजन था, उसके बाद से अभी तक सूखा पड़ा हुआ है। भारतीय फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार सूखा खत्म हो और विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया जाए। इस बार के विश्व कप में भारतीय टीम के जीतने की काफी ज्यादा संभावना है। इस साल कुछ ऐसे सुखद संयोग बन रहे हैं, जिससे पता चलता है कि टीम इंडिया विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा कर सकती है। 

Kapil Dev
Image Source : PTIKapil Dev

भारत ने साल 2013 में जीती थी आखिरी आईसीसी की ट्रॉफी 

भारतीय टीम ने साल 2013 में आखिरी बार आईसीसी की ट्रॉफी जीती थी। तब टीम के कप्तान एमएस धोनी थे, लेकिन इसके बाद से अभी तक आईसीसी की ट्रॉफी भारत को नहीं मिली है, ये बात और है कि भारतीय टीम कई बार इसके करीब तक पहुंची, लेकिन एक भी बार इस पर कब्जा जमाने की स्थिति नहीं बनी। लेकिन इस बार कुछ ऐसा है, जिसे जानकार शायद आप चौंक जाएंगे। भारत ने साल 1983 में पहली बार विश्व कप जीता था, तब भारतीय टीम के कप्तान कपिल देव थे। इसके बाद छह साल तक भारतीय टीम इस ट्रॉफी का इंतजार करती रही। साल 1987, 1992, 1996, 1999, 2003 और 2007 में भी विश्व कप हुआ। साल 2003 में तो भारतीय टीम सौरव गांगुली की कप्तानी में फाइनल तक भी पहुंची, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई। इसके बाद साल 2011 में एक बार फिर एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। यानी पहली बार ट्रॉफी जीतने के बाद सातवीं कोशिश कामयाब रही।  

T20 World Cup 2007
Image Source : GETTY IMAGEST20 World Cup 2007

टी20 विश्व कप जीतने के बाद अब सातवीं बार उतरेगी भारतीय टीम 
अब जरा टी20 विश्व कप के इतिहास पर भी एक नजर डालिए। साल 2007 में भारत ने विश्व कप जीता, इसके बाद 2009, 2010, 2012, 2014, 2016, 2021 में यानी बीच में छह बार फिर विश्व कप का आयोजन किया गया, लेकिन टीम इंडिया इससे दूर ही रह गई। अब साल 2022 में फिर होने जा रहा है। यानी पहली बार विश्व कप जीतने के बाद अब भारतीय सातवीं बार विश्व कप जीतने के लिए मैदान में उतरेगी। अगर वन डे विश्व कप की तरह हुआ तो फिर भारतीय टीम इस बार भी ऑस्ट्रेलिया से ट्रॉफी जीतने के बाद ही वापस भारत लौटेगी। 

Rohit Sharma
Image Source : GETTY IMAGESRohit Sharma

रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलने उतरेगी भारतीय क्रिकेट टीम 
खास बात ये भी है कि इस बार भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथ में हैं। रोहित शर्मा भारत के लिए लकी कप्तान माने जाते हैं, वे जब भी मैदान में उतरते हैं टीम इंडिया की उम्मीदें सातवें आसामन पर होती हैं। रोहित शर्मा इससे पहले भारत को एशिया कप का खिताब दिला चुके हैं। इतना ही नहीं वे अब तक पांच बार अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को आईपीएल का खिताब भी दिला चुके हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में ही साल 2013 में चैंपियंस लीग भी जीती थी। क्रिकेट फैंस उम्मीद करेंगे कि रोहित शर्मा का ये लक फैक्टर इस बार भी काम कर जाए और भारतीय टीम ट्रॉफी जीतने में सफल हो। वैसे आपको बता दें कि टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2022 में अपने सफर की शुरुआत 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलकर करेगी। देखना होगा कि भारतीय टीम कैसा प्रदर्शन करती है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल