ICC Rankings of Team India: साल 2026 का आगाज हो चुका है। इस वक्त भारतीय टीम के खिलाड़ी नए साल का जश्न मनाने में लगे हैं। इस वर्ष भारतीय टीम कई बड़े टूर्नामेंट में खेलने के लिए उतरेगी, साथ ही आपसी सीरीज भी खेलती हुई नजर आएगी। इस बीच साल के पहले ही दिन आपको इस बात पर नजर डालनी चाहिए कि एक जनवरी 2026 को टीम इंडिया की रैंकिंग तीनों फॉर्मेट में कैसी है।
टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का पहले नंबर पर कब्जा
बात सबसे पहले शुरू करते हैं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से। वो इसलिए क्योंकि इस साल आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप भी होने वाला है और ये भारत के साथ ही श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टी20 क्रिकेट की बात करें तो पिछले साल इसमें भारतीय टीम का डंका बजा। कुछ एक मैचों को छोड़ दें तो टीम इंडिया करीब करीब जीत के रथ पर ही सवार दिखी। यही वजह है कि साल खत्म होते होते और साल 2026 के पहले दिन भी टीम इंडिया आईसीसी की टी20 रैंकिंग में पहले नंबर पर है। भारतीय टीम की रेटिंग यहां 272 की चल रही है। यहां दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसकी रेटिंग 267 की है। यानी भारती टीम की पहले नंबर की कुर्सी को फिलहाल कोई खतरा नजर नहीं आता।
वनडे क्रिकेट में भी भारत पहले नंबर पर
इसके बाद बात करते हैं वनडे क्रिकेट की। यहां भी भारतीय टीम पहले नंबर पर है। साल 2025 में ही शुभमन गिल को भारत का नया कप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भी भारतीय टीम पहले नंबर पर थी और अब जबकि कप्तान बदल गया तो भी पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा बरकरार है। यहां भारतीय टीम की रेटिंग 121 की है। जो बाकी टीमों से काफी ज्यादा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड है, जिसकी रेटिंग 113 की है। अब साल 2026 के पहले महीने में इन्हीं दो टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी, जो काफी रोचक होने की उम्मीद है। देखना है कि यहां कैसा प्रदर्शन देखने के लिए मिलता है।
टेस्ट में भारतीय टीम ने किया निराश, टॉप 3 से भी बाहर
टेस्ट की बात की जाए तो यहां आपको निराशा हाथ लगेगी। आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में टीम इंडिया ना तो पहल नंबर पर है और ना ही दूसरे पर। यहां तक कि तीसरे नंबर के भी लाले पड़े हुए हैं। यहां पर ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले नंबर पर है। जिसकी रेटिंग 124 की है। दूसरे नंबर पर 116 की रेटिंग के साथ साउथ अफ्रीकी टीम है। 112 की रेटिंग के साथ इंग्लैंड की टीम तीसरे नंबर पर है। भारतीय टीम यहां चौथे स्थान पर है। उसकी रेटिंग महज 104 की है। हाल फिलहाल भारतीय टीम को कोई टेस्ट नहीं खेलना है, लिहाजा इसमें बदलाव की भी अभी कोई संभावना नजर नहीं आती।
ये भी पढ़ें
T20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्रोविजनल टीम का ऐलान, सिलेक्टर्स ने स्पिनर्स पर जताया भरोसा