1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऐतिहासिक T20I मैच से पहले टीम इंडिया ने जापानी राजदूत से की खास मुलाकात, सामने आई तस्वीरें

ऐतिहासिक T20I मैच से पहले टीम इंडिया ने जापानी राजदूत से की खास मुलाकात, सामने आई तस्वीरें

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 16, 2026 08:26 pm IST,  Updated : Sep 16, 2026 08:26 pm IST

भारत और जापान की पुरुष क्रिकेट टीमें 22 सितंबर को पहली बार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इस ऐतिहासिक मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम इंडिया ने भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची से मुलाकात की।

IND vs JPN- India TV Hindi
टीम इंडिया Image Source : PTI

भारत और जापान के क्रिकेट रिश्ते एक नए मुकाम की ओर बढ़ रहे हैं। दोनों देशों की मेन्स क्रिकेट टीमें पहली बार T20 इंटरनेशनल में आमने-सामने आने वाली हैं और इस ऐतिहासिक मुकाबले से पहले टीम इंडिया की जापान के राजदूत से खास मुलाकात हुई। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम के सदस्यों ने बुधवार को भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची से मुलाकात की। नई दिल्ली में हुई इस मुलाकात के दौरान जापानी राजदूत ने BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मनहास और भारतीय टीम को जापान का पारंपरिक गुडलक प्रतीक दारुमा भेंट किया। इस मुलाकात को दोनों देशों के बीच बढ़ते खेल संबंधों के लिहाज से खास माना जा रहा है।

यह मुलाकात उस ऐतिहासिक मुकाबले से कुछ दिन पहले हुई है, जिसमें भारत और जापान पहली बार मेन्स T20 इंटरनेशनल में एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगे। दोनों टीमें 22 सितंबर को तोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर सुजुकी कप के मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

BCCI प्रेसिडेंट ने बताया खास मौका

BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मनहास ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे क्रिकेट के लिए खास अवसर बताया। उन्होंने कहा कि जापान में क्रिकेट एक नए दर्शक वर्ग तक पहुंच रहा है और यह खेल को नए क्षेत्रों में ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मनहास ने भारत और जापान के बीच खेल संबंधों को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि ऐतिहासिक मुकाबले और आगामी एशियन गेम्स को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

जापानी राजदूत ओनो केइची ने भी इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मनहास से मुलाकात पर खुशी जताई। उन्होंने भारत-जापान के बीच होने वाले इस खास मुकाबले को दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ से जोड़ते हुए टीम इंडिया को आगामी एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं दीं। 

उन्होंने एक्स पर लिखा- दोस्ती की नई पारी। BCCI के प्रेसिडेंट मिथुन मनहास और कैप्टन श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया से मिलकर बहुत खुशी हुई। 22 सितंबर को सानो, तोचिगी, जापान में होने वाले सुजुकी कप भारत-जापान 75वीं वर्षगांठ क्रिकेट मैच का बेसब्री से इंतजार है! 20वें एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं।

75 साल के रिश्ते का जश्न है सुजुकी कप

भारत और जापान के बीच होने वाला यह मुकाबला दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न का हिस्सा है। सुजुकी कप को स्पोर्ट 75 पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य भारत और जापान के बीच खेलों के आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना है। मुकाबले की खास बात सिर्फ दोनों टीमों की पहली भिड़ंत नहीं है। यह जापान की धरती पर भारत का पहला इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबला भी होगा। साथ ही भारतीय और जापानी मेन्स क्रिकेट टीमों के बीच यह पहली आधिकारिक इंटरनेशनल भिड़ंत होगी।

यह भी पढ़ें:

एशियन गेम्स से पहले टीम इंडिया के स्क्वाड में बदलाव, वरुण चक्रवर्ती बाहर, किसकी हुई एंट्री

आईसीसी रैंकिंग में अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तानी बल्लेबाज को पछाड़ा, जॉस बटलर ने भी लगाई छलांग

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल