1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेम्बा बावुमा के पास बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका, ऐसा करने वाले बनेंगे 9वें खिलाड़ी

टेम्बा बावुमा के पास बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका, ऐसा करने वाले बनेंगे 9वें खिलाड़ी

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Nov 18, 2025 06:47 am IST,  Updated : Nov 18, 2025 06:47 am IST

साउथ अफ्रीका के टेस्ट कप्तान टेंबा बावुमा शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में उनके पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा।

Temba Bavuma- India TV Hindi
टेम्बा बावुमा Image Source : PTI

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और अंतिम मैच गुवाहटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा के पास एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। टेम्बा बावुमा इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, उन्होंने कोलकाता टेस्ट की दूसरी पारी में 55 रन बनाकर टीम की जीत में अपना अहम योगदान दिया था। ऐसे में वह अब दूसरे टेस्ट में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे।

बतौर कप्तान टेम्बा बावुमा हासिल करेंगे बड़ी उपलब्धि

अब गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार (22 नवंबर) से खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में बावुमा के पास कप्तान के तौर पर टेस्ट में 1000 रन पूरा करने का मौका होगा। कप्तान के तौर पर बावुमा के नाम अभी 11 टेस्ट की 19 पारियों में 969 रन दर्ज हैं। यानी सिर्फ 31 रन बनाते ही बावुमा टेस्ट कप्तान के रूप में 1000 रन पूरे कर लेंगे और यह उपलब्धि हासिल करने वाले नौवें दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी बन जाएंगे।

टेस्ट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी

  • ग्रीम स्मिथ – 8647 रन 
  • हैंसी क्रोनिए – 2833 रन
  • फाफ डु प्लेसिस – 2219 रन
  • हर्बी टेलर – 1487 रन
  • डल्ली नॉर्स – 1242 रन
  • ट्रेवर गॉडर्ड – 1092 रन
  • जैकी मैकग्ल्यू – 1058 रन
  • केपलर वेसल्स – 1027 रन

शॉन पॉलक को पीछे छोड़ देंगे टेम्बा बावुमा

इतना ही नहीं, 31 रन बनाते ही वह अपनी ही टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शॉन पॉलक (998 रन) को भी पीछे छोड़ देंगे। पॉलक ने कप्तान के रूप में 26 टेस्ट में 998 रन बनाए थे। बतौर कप्तान बावुमा के बल्ले से अब तक 3 शतक और 6 अर्धशतक आए हैं और उनका औसत 57 का है। बावुमा इस वक्त कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

15 साल बाद साउथ अफ्रीका ने भारत में जीता टेस्ट

भारत के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज साउथ अफ्रीका के लिए खास रही है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतने के बाद टेम्बा बावुमा की कप्तानी में अफ्रीकी टीम ने 15 साल बाद भारतीय सरजमीं पर पहली टेस्ट जीत दर्ज की। ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट में बावुमा ने मुश्किल परिस्थिति में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। साउथ अफ्रीका ने इस मैच में भारत के सामने 124 रन का टारगेट रखा था, जवाब में टीम इंडिया 93 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

यह भी पढ़ें

टीम इंडिया के फैंस के लिए अच्छी खबर नहीं, शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से हो सकते हैं बाहर

पाकिस्तान में शुरू होगी ट्राई सीरीज, 3 टीमें लेंगी हिस्सा, जानें सभी का स्क्वाड और पूरा शेड्यूल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल