1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 2004 के बाद पहला टेस्ट खेलने का सपना टूटा, ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे में बड़ा बदलाव

2004 के बाद पहला टेस्ट खेलने का सपना टूटा, ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे में बड़ा बदलाव

 Written By: Vanson Soral
 Published : Mar 01, 2026 07:45 am IST,  Updated : Mar 01, 2026 07:45 am IST

ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे को लेकर बड़ी खबर आई है। ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के इस दौरे में बदलाव किया गया है।

AUS vs WI- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज Image Source : AFP

महिला क्रिकेट से बड़ी खबर आई है, जो ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे से जुड़ी है। ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे से टेस्ट मैच हटा दिया गया है। मेजबान बोर्ड ने इस साल होने वाले ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए रेड बॉल की बजाय व्हाइट-बॉल क्रिकेट को प्राथमिकता देने का फैसला किया है। पहले तय कार्यक्रम के अनुसार इस दौरे में एक टेस्ट मैच भी शामिल था, जो 2004 के बाद वेस्टइंडीज महिला टीम का पहला और 1979 के बाद केवल दूसरा टेस्ट होता। लेकिन अब संशोधित शेड्यूल के मुताबिक दौरे में सिर्फ तीन T20 इंटरनेशनल और तीन ODI मुकाबले खेले जाएंगे।

ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे का संशोधित शेड्यूल

T20 सीरीज 19, 21 और 23 मार्च को सेंट विन्सेंट में होगी, जबकि ODI मुकाबले 27 और 29 मार्च तथा 2 अप्रैल को सेंट किट्स में खेले जाएंगे। क्रिकेट वेस्टइंडीज के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट माइल्स बासकॉम्बे ने कहा कि इस साल हमारी योजना ICC महिला T20 वर्ल्ड कप से पहले व्हाइट-बॉल तैयारी करने पर केंद्रित है। यह सीरीज हमारी तैयारियों का अहम हिस्सा है, जिससे हम संसाधनों को बेहतर ढंग से इस्तेमाल कर सकेंगे और सही कॉम्बिनेशन तैयार कर पाएंगे। हम महिला टेस्ट क्रिकेट के दीर्घकालिक विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में रेड-बॉल अवसरों पर चर्चा जारी है, जिसमें 2027 में इंग्लैंड के खिलाफ संभावित सीरीज भी शामिल है।

ऑस्ट्रेलिया बोर्ड का रुख

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हेड ऑफ शेड्यूलिंग एंड ऑपरेशंस पीटर रोच ने बताया कि दोनों बोर्डों ने टेस्ट को बरकरार रखने की हर संभव कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह भी जरूरी था कि सीरीज एक से अधिक स्थानों पर हो, ताकि बेहतरीन सुविधाएं और अलग-अलग परिस्थितियां मिल सकें। हम क्रिकेट वेस्टइंडीज के आभारी हैं कि उन्होंने अपनी सीमाओं के भीतर रहते हुए इस दौरे को संभव बनाया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया महिला टेस्ट क्रिकेट का समर्थन जारी रखेगा, लेकिन सदस्य देशों की अलग-अलग परिस्थितियों और T20 क्रिकेट को बढ़ावा देने की उनकी प्राथमिकताओं को भी समझता है।

कप्तानी में नया दौर

यह दौरा ऑस्ट्रेलिया के लिए नए युग की शुरुआत भी साबित हो सकता है। हाल ही में सॉफी मोलिनेक्स ने भारत के खिलाफ T20 सीरीज में कप्तानी संभाली थी, हालांकि, बाद में अंतिम चरण के लिए कमान एलिसा हीली को सौंप दी गई, जिनका इंटरनेशनल करियर पर्थ टेस्ट के साथ समाप्त होगा। मोलिनेक्स फिलहाल पीठ की चोट के कारण भारत के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज से बाहर हैं और उनका वेस्टइंडीज दौरे में खेलना भी संदेह के घेरे में है।

ICC चैंपियनशिप की शुरुआत

ODI सीरीज ऑस्ट्रेलिया के लिए नए ICC महिला चैंपियनशिप चक्र की पहली सीरीज होगी, जो 2029 ODI वर्ल्ड कप के क्वालिफिकेशन का आधार बनेगी। भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज इस चक्र का हिस्सा नहीं है। वहीं, वेस्टइंडीज इस समय ग्रेनाडा में श्रीलंका की मेजबानी कर रहा है, जहां वे ODI सीरीज 2-1 से हार चुके हैं और पहले T20 में मात्र 49 रन पर ऑलआउट हो गए थे, जबकि दूसरा मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहा। अब सबकी निगाहें इस बात पर होंगी कि व्हाइट-बॉल पर फोकस का यह फैसला वेस्टइंडीज को T20 वर्ल्ड कप में कितना फायदा पहुंचाता है।

यह भी पढ़ें:

बड़ी खबर, सनथ जयसूर्या छोड़ेंगे श्रीलंका टीम का साथ, कोच के पद से देंगे इस्तीफा

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होते ही पाकिस्तानी कप्तान का दुखड़ा आया सामने, इशारों-इशारों में बाबर आजम पर साधा निशाना

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल