Indian Women's Cricket Team: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनी। 2 नवंबर को नवी मुंबई के डॉ डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराया और ODI वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की चौथी टीम बनी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने खिताब जीता था।
PM मोदी से मिलेंगे भारतीय खिलाड़ी
वर्ल्ड चैंपियन बनने पर टीम इंडिया का हर तरफ गुणगान हो रहा है। इस बीच हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने 4 नवंबर की शाम दिल्ली पहुंच गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 नवंबर की शाम भारतीय टीम से मुलाकात करेंगे। पीएम उन्हें सम्मानित करेंगे। यह समारोह प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली रवाना होने से पहले भारतीय टीम और हेड कोच अमोल मजूमदार को देखने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी खिलाड़ियों को विदा करने पहुंचे थे। हालांकि, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के विशेष विमानन टर्मिनल (GA) पर सुरक्षा कारणों से आम लोगों को अनुमति नहीं दी गई थी। वहां सिर्फ मीडिया कर्मी मौजूद थे।
चार्टर फ्लाइट से दिल्ली पहुंची टीम इंडिया
टीम को मुंबई से दिल्ली लाने के लिए Star Air एयरलाइन की एक विशेष चार्टर फ्लाइट (S5-8328) चलाई गई। यह बेंगलुरु स्थित रीजनल एयरलाइन हाल ही में खत्म हुए महिला वर्ल्ड कप में भाग लेने वाली कई टीमों के लिए चार्टर फ्लाइट्स संचालित कर चुकी है, जिसका आयोजन भारत और श्रीलंका ने संयुक्त रूप से किया था। दिल्ली पहुंचने के बाद सभी खिलाड़ी सीधे होटल रवाना हुईं। कार्यक्रम के अनुसार, सभी खिलाड़ी कल शाम पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे, जिसके बाद टीम सदस्य अपने-अपने शहर के लिए रवाना होंगे केवल शफाली वर्मा टीम से अलग इंटर-जोनल महिला T20 टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन की कप्तानी करने के लिए नागालैंड रवाना होंगी।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
राहुल द्रविड़ के बेटे के क्रिकेट में बढ़ते कदम, अब इस टूर्नामेंट के लिए मिल गई जगह
शेफाली वर्मा को मिल गई कप्तानी की जिम्मेदारी, स्क्वाड का ऐलान; इन प्लेयर्स की हुई एंट्री