इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 36वां लीग मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में राजस्थान के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद टीम के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद राजस्थान की तरफ से ओपनिंग में उतरे वैभव सूर्यवंशी ने आते ही अपने इरादों को जाहिर कर दिया जिसमें उन्होंने अपनी पारी की जो पहली 6 गेंदों का सामना किया, उसमें वह लगातार 5 छक्के लगाने में कामयाब रहे। इसमें उन्होंने पैट कमिंस की गेंद पर भी शानदार सिक्स जड़ा।
प्रफुल्ल हिंगे को लगाए लगातार चार छक्के, कमिंस की पहली गेंद पर जड़ा सिक्स
वैभव सूर्यवंशी इस मैच में यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग करने मैदान पर उतरे थे, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद टीम की तरफ से पहला ओवर फेंक रहे प्रफुल्ल हिंगे की पहली गेंद पर जायसवाल ने एक रन लिया। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने दूसरी गेंद का सामना किया लेकिन वह कोई रन नहीं बना सके। यहां से अगली चार गेंदों में वैभव सूर्यवंशी ने गेंद को सीधे स्टैंड की तरफ ही पहुंचाने का काम किया, जिसमें उन्होंने 2 छक्के तो काफी लंबी दूरी के लगाए थे। वैभव के ये शॉट देख सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी भी काफी हैरान दिखाई दिए। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से पारी का दूसरा ओवर फेंकने आए उनके कप्तान पैट कमिंस की पहली 5 गेंदों का सामना यशस्वी जायसवाल ने किया, इसके बाद छठी गेंद को वैभव सूर्यवंशी ने खेलते हुए डीप मिडविकेट की तरफ शॉट खेलने के साथ उसे छक्के के लिए पहुंचा दिया।
बुमराह-हेजलवुड के बाद कमिंस को भी पहली गेंद पर लगाया छक्का
आईपीएल 2026 के सीजन में सबसे ज्यादा सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी को लेकर ही हैं, जिसमें उन्होंने अभी तक अपने आक्रामक खेल से सभी को प्रभावित भी किया है। वैभव सूर्यवंशी ने वर्ल्ड क्रिकेट के मौजूदा धाकड़ गेंदबाजों में शुमार जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड के अलावा अब पैट कमिंस का आईपीएल में सामना करने के साथ उनकी पहली गेंद पर ही छक्का जड़ दिया। वैभव सूर्यवंशी पिछली कुछ पारियों से अपना कमाल नहीं दिखा पा रहे थे, लेकिन अब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में उनके बल्ले का कमाल फिर से देखने को मिला है।
ये भी पढ़ें
4,4,4,4,4,4: पावरप्ले में आया धाकड़ ओपनर का तूफान, IPL के इतिहास में सिर्फ तीसरी बार हुआ ऐसा