1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वरुण चक्रवर्ती ने किया अद्भुत कारनामा, वनडे में ट्रेविस हेड का पहली बार हुआ ऐसा हाल

वरुण चक्रवर्ती ने किया अद्भुत कारनामा, वनडे में ट्रेविस हेड का पहली बार हुआ ऐसा हाल

 Published : Mar 04, 2025 04:19 pm IST,  Updated : Mar 04, 2025 04:19 pm IST

IND vs AUS: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में एक बार फिर से ट्रेविस हेड आक्रामक रुख अख्तियार कर रहे थे, लेकिन इससे पहले कि वे और रन बना पाते वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।

varun chakravarthy with indian cricket team- India TV Hindi
वरुण चक्रवर्ती और टीम इंडिया Image Source : PTI

Varun Chakravarthy vs Travis Head: चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रोचक मुकाबला जारी है। ये सेमीफाइनल मैच है। यानी जो टीम हारी वो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी और जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में एंट्री कर जाएगी। इस बीच आज भी भारतीय कप्तान टॉस हार गए और स्टीव स्मिथ ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम को हालांकि पहला विकेट तो जल्दी मिल गया, लेकिन टीम के दूसरे सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड फिर से भारत के लिए मुश्किल बनने ​वाले थे। उन्होंने शुरुआत तो अच्छी कर ही दी थी, लेकिन तभी वरुण चक्रवर्ती ने उनकी पारी पर पूर्णविराम लगा दिया। इस बीच वरुण चक्रवर्ती ने जो काम आज किया है, वो इससे पहले वनडे क्रिकेट में ट्रेविस हेड के खिलाफ कोई भी स्पिनर नहीं कर सका था। 

कूपर कोनोली को मोहम्मद शमी ने जल्दी भेजा पवेलियन

टॉस जीतकर जब ऑस्ट्रेलियाई टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो सलामी बल्लेबाज के तौर पर ट्रेविस हेड और कूपर कोनोली मैदान पर उतरे। ट्रेविस हेड ने तो आते ही अपने अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी, लेकिन कूपर कोनोली को कुछ दिक्कत पेश आ रही थी। वे आठ बॉल खेल गए, लेकिन अपना खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद उनकी नौवीं गेंद पर मोहम्मद शमी ने विकेट कीपर केएल राहुल के हाथों उन्हें कैच कराकर वापस भेज दिया। वे शून्य पर आउट हुए। इसके बाद भी ट्रेविस हेड ने अपनी बल्लेबाजी का सिलसिला जारी रखा। 

वरुण चक्रवर्ती ने अपने पहले ओवर की दूसरी बॉल पर किया ट्रेविस हेड को आउट

जब तेज गेंदबाज प्रभावी साबित नहीं हुए तो कप्तान रोहित शर्मा ने स्पिनर्स को मोर्चो पर लगाया। पहले कुलदीप यादव को गेंदबाजी दी गई, लेकिन विकेट नहीं मिला तो वरुण चक्रवर्ती को लाया गया। वरुण चक्रवर्ती ने अपने पहले ओवर की दूसरी ही बॉल पर ट्रेविस हेड को चलता कर दिया। शुभमन गिल ने लंबी दौड़ लगाकर ट्रेविस हेड को कैच पकड़ा, इसके बाद भारतीय कैंप में कुछ राहत की सांस आई। ट्रेविस हेड अपने वनडे करियर में पहली बार एक से दस ओवर के बीच स्पिनर की बॉल पर आउट हुए हैं। इससे पहले दुनिया का कोई भी स्पिनर ऐसा नहीं कर पाया था, यानी वरुण चक्रवर्ती ने अद्भुत कारनामा किया है। इस मैच से पहले तक ट्रेविस हेड ने एक से दस ओवर के बीच स्पिनर के खिलाफ वनडे में 117 बॉल पर 135 रन बनाए थे, लेकिन आउट पहली बार हुए हैं। 

ट्रेविस हेड ने खेली तेज पारी 

ट्रेविस हेड ने आउट होने से पहले काफी तेज बल्लेबाजी की। उन्होंने 33 बॉल पर 39 रन बना दिए थे और इस दौरान चार चौकों के साथ साथ दो छक्के भी लगाए। वे 118 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे थे। ट्रेविस हेड ने इससे पहले भी कई बार भारतीय टीम को गहरे जख्म दिए हैं, इसलिए सभी की निगाह इस बात पर थी कि उन्हें जल्द से जल्द पवेलियन भेजा जाए। जिसमें वरुण चक्रवर्ती कामयाब भी हो गए। 

यह भी पढ़ें

पाकिस्तान क्रिकेट में आया भूचाल, मोहम्मद रिजवान से छिनी कप्तानी, बाबर आजम भी टीम से बाहर

IND vs AUS: मैदान पर काली पट्टी बांधकर उतरे भारतीय प्लेयर्स, दिग्गज खिलाड़ी को दी श्रद्धांजलि

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल