इंग्लैंड में इन दिनों द हंड्रेड के मुकाबले खेले जा रहे हैं। जारी सीजन के 20वें मैच में ट्रेंट रॉकेट्स का सामना मैनचेस्टर ऑरिजिनल्स की टीम से हुआ। इस मैच में मैनचेस्टर के कप्तान फिल साल्ट ने एक बेहतरीन कैच पकड़कर सबको हैरान कर दिया। यह मजेदार वाकया जोश टंग के ओवर में 48वें गेंद पर देखने को मिला। उस वक्त ट्रेंट रॉकेट्स की तरफ से मैक्स होल्डन बैटिंग कर रहे थे।
फिल साल्ट ने एक हाथ से पकड़ा अद्भुत कैच
होल्डन ने टंग की स्लोर बॉल को हल्के हाथों से खेलकर चौका बटोरने का प्रयास किया। लेकिन वह ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सके। गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद हवा में चली गई। उस वक्त फिल साल्ट 30 गज के घेरे के अंदर फील्डिंग कर रहे थे, उन्होंने पीछे की तरफ भागते हुए हवा में डाइव लगाकर एक हाथ से कैच पकड़कर सबको हैरान कर दिया। उनके इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा था।
ये रहा इस कैच का वीडियो, लिंक पर क्लिक कर देखें
ट्रेंट रॉकेट्स ने दर्ज की एक आसान जीत
इस मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की टीम 100 गेंदों में आठ विकेट के नुकसान पर 98 रन बनाने में कामयाब रही। 99 रनों का टारगेट को रॉकेट्स ने 74 गेंद में तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया। रॉकेट्स के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए रेहान अहमद ने 35 गेंदों में 45 रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली। इससे पहले रेहान अहमद ने गेंदबाजी में भी दो विकेट लिए थे। वहां उन्होंने मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के कप्तान फिल सॉल्ट (19) और हेनरिक क्लासेन (9) को आउट किया था।
पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है ट्रेंट रॉकेट्स
द हंड्रेड 2025 में ट्रेंट रॉकेट्स की टीम डेविड विली की कप्तानी में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। टीम ने इस सीजन पांच मैच खेले हैं, जिसमें से वह 4 मैच जीतने में कामयाब रहे हैं। सिर्फ एक में उन्हें हार का सामना लकरना पड़ा है। उनकी टीम 16 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। वहीं मैनचेस्टर ऑरिजिनल्स की बात करें तो उन्होंने अभी तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ दो में उन्हें जीत मिली है और 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। उनकी टीम 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर है। वहीं नंबर वन पर इस वक्त ओवल इंविंसिबल (16 अंक) की टीम है।