1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एक और रिकॉर्ड अपने नाम करने को तैयार विराट कोहली, जल्द टूटेगा ये कीर्तिमान

एक और रिकॉर्ड अपने नाम करने को तैयार विराट कोहली, जल्द टूटेगा ये कीर्तिमान

 Published : May 29, 2025 03:49 pm IST,  Updated : May 29, 2025 03:49 pm IST

Virat Kohli: आईपीएल 2025 के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स और आरसीबी की टीमें आमने सामने होंगी। इसमें विराट कोहली डेविड वार्नर का रिकॉर्ड तोड़ने के काफी करीब हैं।

virat kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : PTI

Virat Kohli Record vs Punjab Kings in IPL: विराट कोहली जब भी क्रिकेट के मैदान पर उतरते हैं तो कोई ना कोई रिकॉर्ड उनका इंतजार कर रहा होता है, इस बार भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। आरसीबी ने आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में अपनी जगह पहले ही पक्की कर ली थी। इतना ही नहीं टीम ने टॉप 2 में फिनिश किया था, इसलिए उसे क्वालीफायर खेलने का मौका मिलेगा। इस बीच गुरुवार को जब आरसीबी और पंजाब की टीमें आमने सामने होंगी, तब विराट कोहली एक नया कीर्तिमान रचने की कोशिश जरूर करेंगे। वे पंजाब किंग्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। इसके लिए उन्हें कुछ ही रनों की जरूरत है। 

डेविड वार्नर को पीछे कर सकते हैं विराट कोहली

आईपीएल के इतिहास में पंजाब किंग्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज इस वक्त डेविड वार्नर हैं। डेविड वार्नर ने पंजाब के खिलाफ आईपीएल में कुल 1134 रन बनाए हैं। हालांकि उन्होंने ये रन दो टीमों की ओर से खेलते हुए बनाए हैं। डेविड वार्नर आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं। इसके बाद अगर विराट कोहली की बात करें तो वे दूसरे नंबर पर आते हैं। उन्होंने अब तक पंजाब किंग्स के खिलाफ 34 पारियां खेलकर 1104 रन बनाने में कामयाबी हासिल की है। हालांकि एक टीम से खेलते हुए विराट कोहली ने ही पंजाब के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। यानी विराट कोहली अगर पंजाब के खिलाफ अगर गुरुवार के मुकाबले में कोहली 31 रन और बना देते हैं तो वे डेविड वार्नर से आगे निकल जाएंगे। 

अब तक दो ही बल्लेबाज पंजाब के खिलाफ बना पाए हैं 1100 से ज्यादा रन

खास बात ये है कि आईपीएल इतिहास में दो ही बल्लेबाज ऐसे हुए हैं, जो पंजाब के खिलाफ 1100 से ज्यादा रन बनाने में कामयाब रहे हैं। बाकी कोई बल्लेबाज 1000 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया है। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर शिखर धवन हैं, जिन्होंने पंजाब के खिलाफ अब तक 894 रन बनाए हैं। शिखर धवन डेक्कन चाजर्स, दिल्ली कैपिटल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल खेल चुके हैं। अब वे आईपीएल से भी रिटायरमेंट का ऐलान कर चुके हैं, यानी वे मैदान में नहीं दिखेंगे। 

पंजाब औ बेंगलुरु के बीच होगा फाइनल में जाने के लिए मुकाबला

आईपीएल की अंक तालिका में जहां एक ओर पंजाब किंग्स ने पहले नंबर पर फिनिश किया है, वहीं आरसीबी की टीम दूसरे नंबर पर रही है। यानी पहले क्वालीफायर में इन दो टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इसकी खास बात ये है कि जो भी टीम क्वालीफायर 1 में जीतेगी, वो सीधे फाइनल में चली जाएगी, वहीं हारने वाली टीम भी बाहर नहीं होगी, उसे क्वालीफायर 2 खेलने का मौका मिलेगा। इसलिए टीमों की कोशिश रहती है कि वे पहले और दूसरे नंबर पर फिनिश करें, ताकि उन्हें फाइनल में जाने के दो मौके मिलें। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल