भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया के लिए इस मैच में ऋतुराज गायकवाड़ और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी के साथ ही विराट और गायकवाड़ ने इतिहास रच दिया है। आपको बता दें कि दोनों ही बल्लेबाज इस मैच में शतक लगाकर आउट हुए।
विराट और ऋतुराज ने तोड़ा सचिन और कार्तिक का रिकॉर्ड
विराट और ऋतुराज के बीच ये साझेदारी भारत की तरफ से साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक के नाम था। इन दोनों प्लेयर्स के बीच साल 2010 में ग्वालियर में खेले गए मैच में 194 रन की पार्टनरशिप हुई थी। अब विराट और गायकवाड़ ने मिलकर उनका ये 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। आपको बता दें कि 2010 में ग्वालियर में खेले गए उस मैच में सचिन तेंदुलकर ने दोहरा शतक लगाया था।
वनडे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए सबसे बड़ी साझेदारी करने वाले बल्लेबाज
- 195 - विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़, रायपुर, 2025
- 194 - सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक, ग्वालियर, 2010
- 193 - सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली, जोहान्सबर्ग, 2001
विराट और गायकवाड़ के बल्ले से आया शतक
रायपुर में खेले जा रहे इस वनडे मैच में टीम इंडिया के लिए विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ दोनों ने शतक लगाया है। विराट के लिए यह लगातार दूसरा शतक है। इस मैच में कोहली ने 93 गेंदों में 102 रन बनाए। रांची वनडे में विराट ने 135 रन की पारी खेली थी। गायकवाड़ ने 83 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के की मदद से 105 रन की पारी खेली। यह गायकवाड़ के लिए उनके वनडे करियर का पहला शतक है।
गायकवाड़ ने 77 गेंदों में जड़ा शतक
ऋतुराज गायकवाड़ ने इस मैच में 77 गेंदों में सेंचुरी पूरी की। वह भारत की तरफ से साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज युसूफ पठान हैं। युसूफ ने साल 2011 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 68 गेंदों में शतक लगाया था। उनका ये रिकॉर्ड अभी तक कोई नहीं तोड़ पाया है।
ये भी पढ़ें
ICC रैंकिंग में विराट कोहली ने लगाई छलांग, रोहित शर्मा की बादशाहत पर मंडराया खतरा, गिल को नुकसान