भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर के स्टेडियम में खेला जा रहा है। साउथ अफ्रीका टीम के कप्तान टेम्बा बावूमा ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, जिसके बाद टीम इंडिया ने 40 के स्कोर पर अपना पहला विकेट रोहित शर्मा के रूप में गंवा दिया। यहां से बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली जिनके बल्ले से रांची वनडे में शानदार शतकीय पारी देखने को मिली थी, उन्होंने अपने उसी फॉर्म को जारी रखते हुए रायपुर वनडे मैच में अपने बल्ले का कमाल दिखा रहे हैं, जिसमें उन्होंने जैसे ही अपना अर्धशतक पूरा किया उसी के साथ वह एक खास मुकाम हासिल करने में कामयाब हो गए।
कोहली वनडे में अफ्रीका के खिलाफ ऐसा करने वाले बने सिर्फ तीसरे खिलाड़ी
विराट कोहली का साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में अब तक काफी बेहतरीन फॉर्म देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने रायपुर वनडे मैच में जैसे ही अपना अर्धशतक पूरा किया तो उसी के साथ वह अफ्रीका के खिलाफ वनडे में 15 बार फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन गए। कोहली के अलावा अब तक वर्ल्ड क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में ऐसा सिर्फ 2 दिग्गजों ने किया था, जिसमें एक नाम श्रीलंका टीम के पूर्व खिलाड़ी कुमार संगकारा और दूसरा नाम ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व खिलाड़ी रिकी पोंटिंग का नाम है जिसमें दोनों ने 15-15 बार ये कारनामा किया है। कोहली अब इन दोनों के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। कोहली ने इस लिस्ट में राहुल द्रविड़ को भी पीछे छोड़ा है, जिन्होंने वनडे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 14 बार फिफ्टी प्लस रनों की पारी खेली थी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा बार फिफ्टी प्लस रनों की पारी खेलने वाले खिलाड़ी
- विराट कोहली (भारत) - 15 बार (31 पारियां)
- कुमार संगकारा (श्रीलंका) - 15 बार (43 पारियां)
- रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 15 बार (48 पारियां)
- राहुल द्रविड़ (भारत) - 14 बार (36 पारियां)
- स्टीव वॉ (ऑस्ट्रेलिया) - 14 बार (44 पारियां)
कोहली के पास संगकारा को पीछे छोड़ने का मौका
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अभी विराट कोहली चौथे नंबर पर हैं, जिसमें वह 1712 रन बना चुके हैं। ऐसे में कोहली के पास इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंचने का मौका भी है, जिसमें वह कुमार संगकारा को पीछे छोड़ सकते हैं। संगकारा ने अफ्रीका के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में 44 मैचों में 45.87 के औसत से 1789 रन बनाए हैं।
ये भी पढ़ें
ICC रैंकिंग में विराट कोहली ने लगाई छलांग, रोहित शर्मा की बादशाहत पर मंडराया खतरा, गिल को नुकसान
रोहित शर्मा ने फिर किया कमाल, 14 रन बनाकर भी इंटरनेशनल क्रिकेट में छुआ बड़ा मुकाम, द्रविड़ को पछाड़ा