T20 World Cup 2022: भारतीय क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों एकतरफा हार के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो चुकी है। लेकिन टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की बादशाहत अभी भी बरकरार है। इस बार के वर्ल्ड कप में विराट सर्वाधिक रन बनाने के मामले में टॉप पर बने हुए हैं। हालांकि इंग्लैंड और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के पास आज विराट को पीछे करने का आखिरी मौका होगा।
इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीम मेलबर्न में आज जब फाइनल मुकाबले में एक-दूसरे से भिड़ेंगी तो दोनों की नजर जहां खिताब पर होगी तो वहीं उनके खिलाड़ी विराट को पीछे करने की कोशिश करेंगे। हालांकि विराट के रनों के पहाड़ को फतह करना किसी भी खिलाड़ी के लिए इतना आसान नहीं होने वाला।
विराट कोहली की बात करें तो उन्होंने इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच से ही अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ 82 रनों की नाबाद और ऐतिहासिक पारी के साथ ही विराट ने अपने पुराने फॉर्म में लौटने के संकेत दे दिए थे। भारत को इस मैच में हार की कगार से निकालकर विजेता बनाने के साथ ही विराट ने अपनी लय हासिल की जो आखिरी मैच तक जारी रही। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने के विश्व कीर्तिमान के साथ-साथ विराट ने यहां छह पारियों में कुल 4 अर्धशतक लगाए।
विराट के आंकड़ों पर एक नजर डालें तो उन्होंने छह पारियों में 98.66 की औसत और 136.40 की स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 296 रन बनाए। इस दौरान वह तीन बार नाबाद भी रहे। विराट के बाद सर्वाधिक रन बनाने के मामले में नीदरलैंड्स के मैक्स ओ’डाउड का नाम है। इस सलामी बल्लेबाज ने इस वर्ल्ड कप की 8 पारियों में 242 रन बनाए। वहीं भारत के सूर्यकुमार यादव 239 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान के रनों के इस पहाड़ का टूटना वैसे तो थोड़ा मुश्किल है लेकिन इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स इस मामले में एक बड़े दावेदार हैं और वह विराट को पीछे छोड़ सकते हैं। हेल्स ने 5 पारियों में अभी तक 211 रन बनाए है और कोहली से आगे निकलने के लिए उन्हें 86 रनों की जरूरत है। उनके अलावा जोस बटलर के पास भी मौका होगा और अगर वह 98 रन बना लेते हैं तो वह भी विराट से आगे निकल सकते हैं। पाकिस्तान के लिहाज से देखें तो उनके सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान 160 रन के साथ अपनी टीम के सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। ऐसे में अगर रिजवान को विराट से आगे निकलना है तो उन्हें 137 रन बनाने होंगे।
संपादक की पसंद