वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 का कारवां अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है, जहां साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को एक रन से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली है। अब फाइनल में उसका सामना पाकिस्तान चैंपियंस से होगा। साउथ अफ्रीका के कप्तान एबी डिविलियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद टीम ने 186 रनों का स्कोर बनाया। बाद में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम लक्ष्य के करीब पहुंची, लेकिन उसे हासिल नहीं कर सकी। टीम 20 ओवर्स में सिर्फ 185 रन ही बना सकी।
अफ्रीका चैंपियंस के बल्लेबाजों ने किया दमदार प्रदर्शन
साउथ अफ्रीका चैंपियंस की टीम के लिए मोर्ने वैन विक और जेजे स्मट्स ने अर्धशतक लगाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई। वैन विक ने 57 रन और स्मट्स ने 76 रनों की पारी खेली। कप्तान एबी डिविलियर्स बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 6 रन बनाकर आउट हो गए। जेपी डुमिनी ने 14 रनों का योगदान दिया। टीम ने 20 ओवर्स के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम के लिए पीटर सिडल ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए।
डेनियल क्रिस्चियन नहीं दिला पाए जीत
ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम किए शान मॉर्श और क्रिस लिन ने ओपनिंग करते हुए 45 रनों की साझेदारी की। मॉर्श ने 25 रन और लिन ने 35 रन बनाए। डी आर्ची शॉर्ट ने 33 रन बनाए। लेकिन इन तीनों ही बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत के बाद अपना विकेट गंवाया और बड़ी पारी नहीं खेल पाए। अंत में डेनियल क्रिस्चियन ने 29 गेंदों में 49 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम 185 रन ही बना पाई। साउथ अफ्रीका चैंपियंस की टीम के लिए हार्डस विजलोन और वेन पार्नेल ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
पाकिस्तान चैंपियंस से होगा सामना
WCL 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका चैंपियंस की टीम का सामना 2 अगस्त को पाकिस्तान चैंपियंस से होगा। पाकिस्तान चैंपियंस को सेमीफाइनल इंडिया चैंपियंस से खेलना था, लेकिन भारतीय प्लेयर्स ने मैच खेलने से मना कर दिया और इसी वजह से पाकिस्तान चैंपियंस को बिना सेमीफाइनल खेले ही फाइनल में एंट्री मिल गई।
यह भी पढ़ें:
ओवल टेस्ट में बारिश दूसरे दिन क्या फिर से करेगी मैच का मजा किरकिरा? ये है पूरे दिन की वेदर रिपोर्ट
टीम इंडिया ने लगाई टेस्ट सीरीज में रनों की ऐसी झड़ी, तोड़ दिया अपना 46 साल पुराना रिकॉर्ड