1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड में खेल रही इस टीम पर पड़ गई दोहरी मार, अब ICC ने भी ले लिया एक्शन

इंग्लैंड में खेल रही इस टीम पर पड़ गई दोहरी मार, अब ICC ने भी ले लिया एक्शन

 Published : Jun 01, 2025 04:19 pm IST,  Updated : Jun 01, 2025 04:22 pm IST

वेस्टइंडीज की टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में हार का सामना करना पड़ा था। अब आईसीसी ने भी एक खास वजह से उन पर एक्शन लिया है।

साई होप इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए- India TV Hindi
साई होप इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए Image Source : GETTY

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड के दौर पर गई है। जहां पहले वनडे मैच में वेस्टइंडीज को इंग्लैंड के खिलाफ 238 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मैच में इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 400 रनों का हिमालय जितना बड़ा स्कोर बनाया। इसके बाद विंडीज की टीम सिर्फ 162 रनों पर सिमट गई। हार के बाद वेस्टइंडीज की टीम के ऊपर आईसीसी ने भी एक्शन लिया और उन पर स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना लगाया गया है।

पांच प्रतिशत का लगा जुर्माना

साई होप की अगुवाई वाली वेस्टइंडीज की टीम के हर खिलाड़ी पर एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो ने मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया है। क्योंकि वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित समय से एक ओवर कम रह गई थी। उन पर जुर्माना आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत लगाया गया है, जो स्लो ओवर रेट के अपराधों से संबंधित है।

वेस्टइंडीज के कप्तान ने मानी गलती

वेस्टइंडीज के कप्तान साई होप ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। इसी वजह से औपचारिक सुनवाई की कोई भी आवश्यकता नहीं समझी गई। स्लो ओवर रेट का आरोप ऑन-फील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना और मार्टिन सैगर्स के साथ-साथ तीसरे अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक और चौथे अंपायर ग्राहम लॉयड ने लगाया था।

इंग्लैंड के चार बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक

इंग्लैंड के लिए मैच में बल्लेबाजों ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया था। टीम के चार बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए थे। इनमें बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल के नाम शामिल थे। वनडे क्रिकेट में ऐसा पहली बार हुआ था, जब किसी टीम ने पारी में 400 रन बनाए हों और उनकी तरफ से कोई भी शतक नहीं लगा हो। मैच में बेथेल ने सबसे ज्यादा 82 रनों की पारी खेली थी।

जेडन सील्स ने हासिल किए चार विकेट

दूसरी तरफ वेस्टइंडीज के लिए कोई भी बल्लेबाज टिककर बैटिंग नहीं कर पाया और टीम के लिए जेडन सील्स ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। उनके अलावा साई होप ने 25 रन बनाए। वेस्टइंडीज की पूरी टीम सिर्फ 162 रन ही बना पाई। सील्स ने मैच में चार विकेट भी हासिल किए थे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल