1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 18 साल में पहली बार! विराट कोहली इंजरी के कारण पूरी ODI सीरीज से हुए बाहर, आखिरी बार कब मिस किया था मैच

18 साल में पहली बार! विराट कोहली इंजरी के कारण पूरी ODI सीरीज से हुए बाहर, आखिरी बार कब मिस किया था मैच

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 09, 2026 03:47 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 03:50 pm IST

टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। विराट को ये चोट आईपीएल 2026 में खेलने के दौरान लगी थी।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AP

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 13 जून से होने वाला है। सीरीज का पहला मैच धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज से पहले ही टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लग चुका है। हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से विराट इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है। विराट अपने 18 साल के करियर में काफी कम बार चोट की वजह से मैच मिस किया है। इससे पहले विराट आखिरी बार कब चोट की वजह से वनडे मैच से बाहर हुए थे आइए आपको बताते हैं।

2025 में इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे मैच नहीं खेले थे विराट

अफगानिस्तान सीरीज से पहले विराट कोहली पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से फिटनेस की वजह से एक भी मैच से बाहर नहीं हुए थे। विराट को फिटनेस से जुड़ी आखिरी दिक्कत फरवरी 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पहले, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान हुई थी। नागपुर में खेले गए वनडे मैच में विराट घुटने की चोट के कारण प्लेइंग XI से बाहर हुए थे। उनकी वो चोट ज्यादा गंभीर नहीं थी इसलिए वह दूसरे वनडे में वापसी करने में कमायाब रहे थे।

पहली बार इंजरी की वजह से पूरे वनडे सीरीज से बाहर हुए हैं विराट

कोहली के 18 साल के इंटरनेशनल करियर में यह पहली बार है जब वह किसी इंजरी के कारण पूरी वनडे सीरीज से बाहर हुए हैं। इससे पहले वह सिर्फ एहतियात के तौर पर या निजी कारणों की वजह से किसी वनडे मैच से बाहर हुए थे। आपको बता दें कि शारीरिक थकान और वर्कलोड की वजह से वह सिर्फ एक बार किसी बड़े टूर्नामेंट से हटे थे। दरअसल साल 2018 में खेले गए एशिया कप में उन्होंने आराम करने का फैसला किया था। वो एशिया कप वनडे फॉर्मेट में खेला गया था, जहां भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन रहा था शानदार

विराट कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और वह अब सिर्फ आईपीएल और वनडे फॉर्मेट में खेलते हुए नजर आते हैं। पिछले कुछ समय से विराट शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। आईपीएल 2026 में विराट के बल्ले से खूब रन आए। इस टूर्नामेंट में वह 16 मैचों में 675 रन बनाने में कामयाब रहे। उन्होंने GT के खिलाफ फाइनल में नाबाद 75 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।

यह भी पढ़ें

IND vs SL: रुतुराज गायकवाड का वनडे में धमाकेदार शतक, कप्तान तिलक वर्मा भी छाए

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया का स्क्वाड अचानक बदला, बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल