वूमेंस प्रीमियर लीग के अगले सीजन की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। खिलाड़ियों के रिटेंशन और रिलीज से लेकर ऑक्शन तक की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। BCCI ने 16 सितंबर को WPL की पांचों फ्रेंचाइजियों को सीजन-5 के ऑक्शन की तारीख और वेन्यू की जानकारी दी है। खिलाड़ियों का ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में आयोजित होगा।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने बुधवार को सभी पांच टीमों को ऑक्शन से जुड़ी जानकारी औपचारिक रूप से साझा की। अब फ्रेंचाइजियों के पास अपनी टीम में बदलाव करने के लिए ज्यादा समय नहीं है। सभी टीमों को 28 सितंबर तक अपने खिलाड़ियों के रिटेंशन और रिलीज पर फैसला करना होगा। इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL के ऑक्शन को लेकर बड़ी खबर सामने आई।
ऑक्शन से पहले रिटेंशन होगा अहम
WPL के एक स्क्वाड में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं। इनमें अधिकतम 6 विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकता है। मौजूदा चक्र के लिए टीमों की सैलरी कैप 15 करोड़ रुपये तय की गई है। ऐसे में ऑक्शन से पहले रिलीज और रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के फैसले पर सभी फ्रेंचाइजियों की नजर रहेगी।
ऑक्शन की तारीख सामने आने के साथ ही अगले सीजन के वेन्यू को लेकर भी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। आगामी सीजन के लिए मुंबई और वडोदरा वेन्यू के तौर पर चुने जाने की पूरी संभावना है। WPL का अगला सीजन भी पिछले साल की तरह जनवरी-फरवरी के दौरान आयोजित किए जाने की उम्मीद है।
वाराणसी को भी कुछ मुकाबलों की मेजबानी मिलने की चर्चा थी, लेकिन फिलहाल इसकी संभावना कम मानी जा रही है। शहर में नया स्टेडियम तैयार हो रहा है और WPL जैसे बड़े टूर्नामेंट के मुकाबले वहां कराने से पहले मैदान की तैयारियों को घरेलू क्रिकेट मैचों के जरिए परखा जाना जरूरी होगा। WPL से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, वाराणसी में मैच कराने का फैसला पूरी तरह स्टेडियम की तैयारियों पर निर्भर करेगा। मौजूदा स्थिति में वहां लीग के मुकाबले होने की संभावना काफी कम है।
मुंबई और वडोदरा होंगे वेन्यू
पिछले सीजन की तरह मुंबई का CCI और वडोदरा का कोटांबी स्टेडियम आगामी सीजन के लिए मेन वेन्यू होंगे। सीजन-4 के मुकाबले भी इन्हीं दोनों जगहों पर खेले गए थे और 5 फरवरी को वडोदरा में फाइनल आयोजित हुआ था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु WPL की मौजूदा चैंपियन टीम है। अब सभी टीमों की नजर 28 अक्टूबर को होने वाले ऑक्शन पर होगी, जहां अगले सीजन के लिए टीमों को मजबूत करने की कवायद देखने को मिलेगी।
यह भी पढ़ें:
एशियन गेम्स के लिए श्रीलंका ने किया स्क्वाड का ऐलान, चमारी अट्टापट्टू संभालेंगी टीम की कमान