1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल 2018
  4. दीपक हुड्डा के एक छक्के ने बदलकर रख दिया मैच का नक्शा, रोहित शर्मा रह गए हक्के-बक्के!

दीपक हुड्डा के एक छक्के ने बदलकर रख दिया मैच का नक्शा, रोहित शर्मा रह गए हक्के-बक्के!

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 13, 2018 04:03 pm IST,  Updated : Apr 13, 2018 04:03 pm IST

दीपक हुड्डा  आखिर तक आउट नहीं हुए और  उन्होंने अपनी टीम को हारा हुआ मैच जिताकर ही दम लिया।

हैदराबाद की टीम ने...- India TV Hindi
हैदराबाद की टीम ने मुंबई को हराया

सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले को हैदराबाद ने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर जीत लिया। मैच बेहद रोमांचक था और मैच का पासा हर गेंद के साथ पलट रहा था। मैच के हालात को देखते हुए किसी के लिए भी भविष्यवाणी करना बेहद मुश्किल था। लेकिन दीपक हुड्डा की समझबूझ और शानदार बल्लेबाजी के दम पर हैदराबाद ने मुकाबले को जीत लिया और टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। हालांकि एक समय मुकाबले में मुंबई की टीम हावी नजर आ रही थी लेकिन हुड्डा के एक छक्के ने मैच का नक्शा बदलकर रख दिया और अपनी टीम की जीत तय कर दी।

दरअसल, आखिरी ओवर में हैदराबाद को जीत के लिए 11 रनों की जरूरत थी और उनके पास सिर्फ 1 विकेट था। ऐसे में हर कोई मुंबई को जीत का प्रबल दावेदार मान रहा था। लेकिन हुड्डा ने आखिरी ओवर फेंकने आए कटिंग की पहली गेंद पर छक्का ठोक दिया। इस छक्के ने मैच का पासा हैदराबाद की तरफ झुका दिया। इस छक्के के बाद हैदराबाद और जीत के बीच का अंतर सिर्फ 5 गेंदों में 5 रन का ही रह गया था। छक्का लगने के बाद रोहित शर्मा बेहद मायूस और निराश हो गए थे।

छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हुड्डा ने अकेले दमपर मैच जिता दिया और वो आखिर तक आउट नहीं हुए। हुड्डा मैच जिताकर ही पवेलियन लौटे। हुड्डा ने 25 गेंदों में नाबाद 32 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में हुड्डा ने 1 चौका और 1 छक्का ठोका। हैदराबाद की ये लगातार दूसरी जीत थी, तो वहीं मुंबई की ये लगातार दूसरी हार।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल