आईपीएल 2021 का पहला मुकाबला गत विजेता मुंबई इंडियंस और विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में विराट कोहली और रोहित के अलावा हर किसी की नजरें स्काई के नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन पर टिकी हुई थी। सूर्या ने अपने फैन्स को निराश नहीं किया और 23 गेंदों पर 31 रन की छोटी मगर अहम पारी खेली।
इस पारी के दौरान सूर्या ने 4 चौके और गगनचुंबी छक्का लगाया। सूर्यकुमार ने यह छक्का 11वें ओवर में काइल जैमिंसन की तीसरी गेंद पर लगाया। इस लाजवाब शॉट को देखने के बाद हर फैन का दिल गदगद हो गया था, लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर जैमिंसन ने सूर्यकुमार यादव को आउट कर बदला भी लिया।
आखिरी गेंद पर सूर्या ऑफ साइड में शॉट लगाना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेट कीपर एबी डी विलियर्स के दस्तानों में गई।
सूर्यकुमार यादव के बाद क्रिस लिन भी 49 के निजी स्कोर पर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गए। खबर लिखे जाने तक मुंबई ने 3 विकेट के नुकसान पर 105 रन बना लिए हैं।
आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। रोहित के साथ पारी की शुरुआत करने क्रिस लिन उतरे थे। रोहित ने टीम को अच्छी शुरुआत देते हुए 19 रन बना लिए थे, लेकिन तभी लिन की एक गलत कॉल की वजह से रोहित शर्मा रन आउट हो गए। आईपीएल में यह 11वीं बार है जब रोहित शर्मा रन आउट हुए हैं। खबर लिखे जाने तक मुंबई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 81 रन है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (प्लेइंग इलेवन): विराट कोहली (सी), रजत पाटीदार, एबी डिविलियर्स (डब्ल्यू), ग्लेन मैक्सवेल, डैनियल क्रिश्चियन, वाशिंगटन सुंदर, काइल जैमीसन, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, शाहबाज अहमद, युजवेंद्र चहल
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (c), क्रिस लिन, मार्को यानसन, सूर्यकुमार यादव, इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, राहुल चहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।