1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2022: राहुल त्रिपाठी बने 'टॉप स्कोरर,' भारत के अनकैप्ड खिलाड़ी ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

IPL 2022: राहुल त्रिपाठी बने 'टॉप स्कोरर,' भारत के अनकैप्ड खिलाड़ी ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

 Written By: Priyam Sinha
 Published : May 17, 2022 11:21 pm IST,  Updated : May 17, 2022 11:21 pm IST

राहुल त्रिपाठी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 44 गेंदों पर 76 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। वह पिछले सीजन में केकेआर के लिए कमाल करते दिखे थे।

राहुल त्रिपाठी- India TV Hindi
राहुल त्रिपाठी Image Source : IPL

Highlights

  • राहुल त्रिपाठी ने जड़ा सीजन का तीसरा अर्धशतक
  • अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा को पछाड़ राहुल त्रिपाठी बने टॉप स्कोरिंग अनकैप्ड भारतीय
  • मुंबई के खिलाफ राहुल ने खेली 44 गेंदों पर 76 रनों की पारी

IPL 2022 के 65वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 44 गेंदों पर 76 रनों की शानदार पारी खेली। इसी के साथ वह सीजन में अनकैप्ड खिलाड़ियों की सूची में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। इसके अलावा उन्होंने इस मैच में हैदराबाद के किसी भी बल्लेबाज द्वारा व्यक्तिगत सबसे बड़ा स्कोर बनाया। साथ ही उन्होंने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन में सबसे ज्यादा फिफ्टी का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

राहुल त्रिपाठी ने अपनी इस पारी में 9 चौके और तीन छक्के लगाए। यह उनका इस सीजन का तीसरा अर्धशतक था। इस सीजन में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए मिचेल मार्श, संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर ने 2-2 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं इस मैच में शानदार पारी की बदौलत राहुल अपनी टीम के ही अनकैप्ड प्लेयर अभिषेक शर्मा और मुंबई इंडियंस के युवा क्रिकेटर तिलक वर्मा को पीछे छोड़ते इस सूची के टॉप स्कोरर बने।

IPL 2022 में सर्वाधिक रन बनाने वाले अनकैप्ड भारतीय

  1. राहुल त्रिपाठी, SRH (8वें नंबर) - 393 रन
  2. अभिषेक शर्मा, SRH  (10वें नंबर) - 383 रन
  3. तिलक वर्मा, MI (11वें नंबर) - 376 रन
  4. जितेश शर्मा, PBKS (39वें नंबर)- 215 रन
  5. शाहबाज अहमद, RCB (43वें नंबर)- 207 रन

राहुल त्रिपाठी ने इस आईपीएल में अभी तक 13 मैचों की 13 पारी में 393 रन बनाए हैं। वह तीन बार नॉट आउट रहे हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 76 रहा है जो उन्होंने इस मुकाबले में बनाया। उनका औसत 39.30 और स्ट्राइक रेट 161 से अधिक रहा है। जिसमें उनके तीन अर्धशतक भी शामिल हैं। इस खिलाड़ी ने 2017 में आईपीएल डेब्यू किया था। अभी तक उनके नाम 75 मैचों में 1778 रन दर्ज हैं। वह सनराइजर्स हैदराबाद से पहले केकेआर का हिस्सा थे।

क्या भारतीय टीम में मिलेगी जगह?

आपको बता दें कि ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई भारत के कई युवा खिलाड़ियों वाली टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की और आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में उतारने का विचार कर रही है। इसके अलावा कई सीनियर नियमित खिलाड़ियों को आराम देकर उन्हें इंग्लैंड दौरे पर भेजा जाएगा। ऐसे में लगातार अच्छा परफॉर्मेंस देने वाले राहुल त्रिपाठी ने भी अपनी दावेदारी को ठोस कर दिया है। आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिहाज से भी उनका प्रदर्शन अहम माना जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल