1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2022 : RCB और PBKS में होगी रोमांचक जंग, जानिए अपडेट

IPL 2022 : RCB और PBKS में होगी रोमांचक जंग, जानिए अपडेट

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 26, 2022 04:34 pm IST,  Updated : Mar 26, 2022 04:34 pm IST

विराट कोहली ने 2013 में न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी से आरसीबी की कमान ली थी। इसके बाद आठ सीजन में कप्तानी के बाद पिछले साल यह जिम्मेदारी छोड़ दी थी। 

Mayank Agarwal- India TV Hindi
Mayank Agarwal Image Source : PTI

कप्तानी छोड़ने से बतौर बल्लेबाज भले ही विराट कोहली पर दबाव कम हो गया हो, लेकिन आईपीएल 2022 के पहले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर उतरेगी तो सभी की नजरें उन्हीं पर रहेगी । एक दशक में पहली बार कोहली टीम की कप्तानी नहीं कर रहे हैं और एक खिलाड़ी के रूप में ही खेलेंगे । कोहली की कोशिश खोया फॉर्म हासिल करके टीम को पहली बार आईपीएल खिताब दिलाने की होगी। आरसीबी और पंजाब किंग्स दोनों के पास फैफ डु प्लेसी और मयंक अग्रवाल के रूप में नए कप्तान हैं, लेकिन सभी की नजर विराट कोहली पर रहेंगी। 

साल 2013 में आरसीबी के कप्तान बने थे विराट कोहली 

आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 2013 में न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी से आरसीबी की कमान ली थी। इसके बाद आठ सीजन में कप्तानी के बाद पिछले साल यह जिम्मेदारी छोड़ दी थी। विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2016 में रहा, जब टीम उपविजेता रही थी और विराट कोहली ने चार शतक समेत 900 रन बनाए थे। अपने सुनहरे कैरियर में कई किले फतेह कर चुके विराट कोहली अभी भी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले नर्वस होते हैं। इस बार से आईपीएल में लखनऊ सुपर जाइंट्स और गुजरात टाइटंस समेत 10 टीमें होंगी। दक्षिण अफ्रीका के डु प्लेसी को आरसीबी ने पिछले महीने मेगा नीलामी में सात करोड़ रुपये में खरीदा। अब करीब 37 साल के हो चुके डु प्लेसी कुछ ही साल और खेल पाएंगे और उनकी नजरें खिताब के साथ विदा लेने पर होगी। 

ग्लेन मैक्सवेल और जोश हेजलवुड नहीं खेलेंगे पहला मैच
आरसीबी को पहले कुछ मैचों में आस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और जोश हेजलवुड की कमी खलेगी। मैक्सवेल शादी के लिए बाहर हैं, जबकि जोश हेजलवुड पाकिस्तान दौरा कर रही आस्ट्रेलियाई टीम में हैं। आरसीबी के पास शेरफान रदरफोर्ड और फिन एलेन जैसे खिलाड़ी हैं। श्रीलंका के हरफनमौला वानिंदु हसरंगा और भारत के दिनेश कार्तिक पर भी नजरें रहेंगी। दूसरी ओर पंजाब किंग्स को जॉनी बेयरस्टॉ की कमी खलेगी जो इंग्लैंड टीम के साथ वेस्टइंडीज में हैं। वहीं कैगिसो रबाडा भी हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के लिए बांग्लादेश के खिलाफ खेलने के कारण बाहर हैं। 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर : फाफ डु प्लेसी (कप्तान), विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद सिराज, हर्षल पटेल, वानिंदु हसरंगा, दिनेश कार्तिक, जोश हेजलवुड, शाहबाज अहमद, अनुज रावत, आकाश दीप, महिपाल लोमरोर, फिन एलेन, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन बेहरेनडोर्फ, सुयश प्रभुदेसाई, चामा मिलिंद, अनीश्वर गौतम, कर्ण शर्मा, डेविड विली, एल सिसोदिया, सिद्धार्थ कौल। 

पंजाब किंग्स : मयंक अग्रवाल (कप्तान), शिखर धवन, अर्शदीप सिंह, कैगिसो रबाडा, जॉनी बेयरस्टॉ, राहुल चाहर, हरप्रीत बरार, शाहरुख खान, प्रभसिमरन सिंह, जितेश शर्मा, ईशान पोरेल, लियाम लिविंगस्टोन, ओडियन स्मिथ, संदीप शर्मा, राज अंगद बावा, रिषि धवन, प्रेरक मांकड़, वैभव अरोड़ा, रितिक चटर्जी, बलतेज ढांडा, अंश पटेल, नाथन एलिस, अथर्व तायडे, भानुका राजपक्षा, बेनी होवेल।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल