1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बैडमिंटन : साइना नेहवाल चोटिल होने के कारण कोरिया ओपन से बाहर

बैडमिंटन : साइना नेहवाल चोटिल होने के कारण कोरिया ओपन से बाहर

 Reported By: IANS
 Published : Sep 25, 2019 05:14 pm IST,  Updated : Sep 25, 2019 05:14 pm IST

भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ियों में से एक सायना नेहवाल चोटिल होने के कारण बुधवार को यहां जारी कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। 

साइना नेहवाल- India TV Hindi
साइना नेहवाल Image Source : GETTY IMAGES

इंचियोन। भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ियों में से एक सायना नेहवाल चोटिल होने के कारण बुधवार को यहां जारी कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। महिला एकल वर्ग में पहले दौर के मैच में सायना का सामना दक्षिण कोरिया की किम गा ईयून से हुआ और मुकाबले के तीसरे गेम में चोटिल होन के कारण भारतीय खिलाड़ी को रिटायर होना पड़ा।

सायना के मुकाबले से पीछे हटने के समय किम 19-21, 21-18, 8-1 से आगे चल रही थी। भारतीय खिलाड़ी को मुकाबले की शुरुआत से ही स्थानीय खिलाड़ी ने कड़ी टक्कर दी।

पहले गेम के अंतिम क्षणों में सायना ने अपना संयम नहीं खोया और 21-19 से जीत दर्ज करके बढ़त बना ली। किम ने दूसरे गेम में वापसी की। उन्होंने जीत दर्ज करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला खड़ा किया और तीसरे गेम में भी सायन के रिटायर होने तक बेहतरीन प्रदर्शन किया।

दोनों खिलाड़ियों के बीच मैच 47 मिनट तक ही चल पाया। सायना इस साल चार टूर्नामेंट के पहले दौर में ही बाहर हो चुकी हैं।

इससे पहले, बी साई प्रणीत को भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।

पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर में प्रणीत का सामना वर्ल्ड नंबर-4 डेनमार्क के एंड्रेस एटोन्सन के खिलाफ हुआ और चोट के कारण भारतीय खिलाड़ी को मुकाबले के बीच में रिटायर होना पड़ा।

रिटायर होने से पहले प्रणीत पहला सेट 9-21 से हार चुके थे और दूसरे सेट में 7-11 से पीछे चल रहे थे।

प्रणीत के बाहर होने के कारण डेनमार्क के खिलाड़ी को राउंड ऑफ-16 में जगह मिल गई। उन्होंने हाल में हुए विश्व चैम्पियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल