1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप: चीनी ताइपे को हराकर जहां सिंधु पहुंची सेमीफाइनल वहीं सायना नेहवाल हुई बाहर

बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप: चीनी ताइपे को हराकर जहां सिंधु पहुंची सेमीफाइनल वहीं सायना नेहवाल हुई बाहर

 Reported By: IANS
 Published : Aug 23, 2019 06:44 pm IST,  Updated : Aug 23, 2019 06:44 pm IST

यहां यिंग ने फिर 18-18 से बराबरी कर ली। इसके बाद दोनों खिलाड़ी 21-21 से बराबरी पर थीं।

PV Sindhu, Indian Shuttler- India TV Hindi
PV Sindhu, Indian Shuttler Image Source : GETTY IMAGES

बासेल (स्विट्जरलैंड)। ओलम्पिक रजत पदक विजेता पी.वी. सिंधु ने यहां जारी बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप-2019 के क्वार्टर फाइनल में दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चीनी ताइपे की ताई जू यिंग को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। जबकि प्री-क्वार्टर फाइनल में सायना नेहवाल को डेनमार्क की मिया ब्लीकफेल्ड ने 15-21, 27-25, 21-12 से शिकस्त दी।  

दुनिया की पांचवें नम्बर की खिलाड़ी सिंधु ने शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में यिंग को तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 12-21, 23-21, 21-19 से पराजित किया। सिंधु ने एक घंटे 10 मिनट में यह मुकाबला जीता।

पहले गेम में सिंधु आसानी से अंक गंवाती नजर आईं। भारतीय खिलाड़ी एक समय 4-11 से और फिर 9-14 से पीछे थीं। वह 12-21 से पहला गेम हार बैठीं। 

वर्ष 2017 और 2018 में रजत तथा 2013 व 2014 में कांस्य पदक जीत चुकीं सिंधु ने दूसरे गेम में अच्छी वापसी की और यिंग को कड़ी टक्कर दी। दोनों खिलाड़ी एक समय 8-8 से और फिर 12-12 से बराबरी पर थीं। इसके बाद सिंधु ने 18-16 की बढ़त कायम कर ली। 

यहां यिंग ने फिर 18-18 से बराबरी कर ली। इसके बाद दोनों खिलाड़ी 21-21 से बराबरी पर थीं। लेकिन सिंधु ने यहां से लगातर दो अंक लेकर 23-21 से दूसरा गेम जीत लिया और मैच को तीसरे गेम तक ले जाने में सफल रहीं।

तीसरे गेम में सिंधु एक समय 5-8 से पीछे थीं। लेकिन इसके बाद उन्होंने 14-14 और फिर 19-19 से स्कोर बराबरी पर ला दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार दो अंक लेकर सेमीफाइनल में अपना कदम रख दिया।

सिंधु ने इस जीत के साथ ही यिंग के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 5-10 का कर लिया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल