1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बीसीसीआई ने गोपाल बोस के निधन पर शोक जताया

बीसीसीआई ने गोपाल बोस के निधन पर शोक जताया

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Aug 27, 2018 10:39 am IST,  Updated : Aug 27, 2018 10:39 am IST

बोस ने 78 प्रथम श्रेणी मैचों में आठ शतक और 17 अर्धशतक की मदद से 3757 रन बनाए थे।

बीसीसीआई- India TV Hindi
बीसीसीआई

बीसीसीआई ने बंगाल के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कप्तान गोपाल बोस के निधन पर शोक जताया है। बोस का रविवार को बर्मिंघम में निधन हो गया था। बर्मिंघम के अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने के बाद बोस का निधन हुआ था। वो 71 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा बेटा अरिजीत है। बोस ने एक दशक तक बंगाल का प्रतिनिधित्व किया और 78 प्रथम श्रेणी मैचों में आठ शतक और 17 अर्धशतक की मदद से 3757 रन बनाए। 

उन्होंने अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 72 विकेट भी चटकाए। उन्हें लंबी पारियां खेलने के लिए जाना जाता था। बोस ने भारत के श्रीलंका दौरे पर प्रथम श्रेणी मैच में सुनील गावस्कर के साथ पहले विकेट के लिए 194 रन की साझेदारी की और इस दौरान 104 रन बनाए।

उन्हें 1974 में इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया और वो भारत के लिए एकमात्र एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में खेले। उन्होंने द ओवल में इस मैच में 13 रन बनाए और डेविड लायड का विकेट हासिल किया। बोस बाद में बंगाल के चयनकर्ता बने और जूनियर टीम को कोचिंग भी दी। वो 2008 में विश्व कप जीतने वाली विराट कोहली की अगुआई वाली भारत की अंडर-19 टीम के मैनेजर भी थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल