रियो डी जनेरियो: ब्राजील की मेजबानी में खेल जा रहे 15वें ग्रीष्मकालीन पैरालम्पिक खेलों में चीन ने 100 से ज्यादा गोल्ड मेडल जीत लिए। चीन पैरालम्पिक खेलों के इतिहास में किसी एक संस्करण में 100 या उससे ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने वाला तीसरा देश बन गया। चीन ने पैरालम्पिक खेल-2016 के समापन से एक दिन पहले शनिवार को कुल 9 गोल्ड मेडल अपने नाम किए और यह शानदार उपलब्धि हासिल की।
शनिवार को चीन द्वारा जीते गए 9 स्वर्ण पदकों में 7 पदक एथलेटिक्स की स्पर्धाओं से आए, जबकि 2 गोल्ड मेडल टेबल टेनिस और तैराकी में मिले। शनिवार की स्पर्धाएं समाप्त होने पर चीन 105 गोल्ड मेडल, 81 सिल्वर मेडल और 51 ब्रॉन्ज मेडल के साथ पदक तालिका में टॉप पर बना रहा। चीन से पहले पैरालम्पिक खेलों के किसी एक संस्करण में 100 या उससे ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने का रिकॉर्ड अमेरिका और ब्रिटेन के नाम था। अमेरिका ने न्यूयॉर्क पैरालम्पिक-1984 में 136 गोल्ड मेडल जीते थे, जबकि ब्रिटेन इसी संस्करण में 107 गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहा था।
शनिवार को चीन के 5 ट्रैक ऐंड फील्ड पैरा-एथलीटों ने विश्व रिकॉर्ड कायम करते हुए गोल्ड मेडल जीते, जिनमें 4 महिला एथलीट रहीं। इनमें महिलाओं की 15,00 मीटर स्पर्धा (टी11) की विजेता झेंग जिन, महिलाओं की डिस्कस थ्रो इवेंट (एफ38) की विजेता मी ना, महिलाओं की 800 मीटर स्पर्धा (टी53) की विजेता झोऊ होंगझुआन, महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा (टी35) की विजेता झोऊ शिया और पुरुषों की 4x400 मीटर रिले स्पर्धा (टी 53/54) में कुई यानफेंग, लियू यांग, ली हुझाओ और लीयू चेंगमिंग वाली चीनी टीम शामिल है