1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. डेविस कप: स्पेन ने भारत को 5-0 से वाइटवाश किया

डेविस कप: स्पेन ने भारत को 5-0 से वाइटवाश किया

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 19, 2016 07:15 am IST,  Updated : Sep 19, 2016 07:15 am IST

नयी दिल्ली: युवा खिलाड़ी सुमित नागल ने डेविस कप में आगाज के दौरान प्रभावित किया लेकिन भारत को आज यहां विश्व ग्रुप प्ले आफ मुकाबले में मजबूत स्पेन के हाथों 0-5 से शिकस्त का सामना

spain davis cup team- India TV Hindi
spain davis cup team

नयी दिल्ली: युवा खिलाड़ी सुमित नागल ने डेविस कप में आगाज के दौरान प्रभावित किया लेकिन भारत को आज यहां विश्व ग्रुप प्ले आफ मुकाबले में मजबूत स्पेन के हाथों 0-5 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। मौजूदा ओलंपिक और फ्रेंच ओपन के युगल चैम्पियन मार्क लोपेज के खिलाफ खेलते हुए 19 वर्षीय नागर ने मैच के दौरान दबदबा बनाया लेकिन उन्हें मैच में सांस लेने में समस्या हो गयी और वह चौथे मैच में 3-6 6-1 3-6 से हार गये जो दो घंटे से ज्यादा समय तक चला। रामकुमार रामनाथन के लिये स्पेन की क्लीन स्वीप को रोकना मुश्किल था क्योंकि उनका प्रतिद्वंद्वी दुनिया का 13वें नंबर का खिलाड़ी डेविड फेरर था। फेरर ने उन्हें 6-2 6-2 से पराजित किया और अपनी टीम को 5- 

0 से जीत दिलायी। रामकुमार ने भी हालांकि अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया। ये दोनों मुकाबले बेमानी ही थे क्योंकि पांच बार की डेविस कप चैम्पियन स्पेन की टीम कल ही 3-0 से जीत चुकी थी। पिछली बार भारतीय टीम को 2003 में वाइटवाश का सामना करना पड़ा था जब वह विश्व ग्रुप प्ले आफ मुकाबले में नीदरलैंड से उसकी सरजमीं पर हार गयी थी। यह 21वीं बार है जब भारत को वाइटवाश का सामना करना पड़ा है। 

स्पेन की टीम ने उलट एकल में फेलिसियानो लोपेज की जगह मार्क लोपेज को उतारने का फैसला किया जबकि भारत ने नागल को पदार्पण का मौका दिया। मार्क डेविस कप मुकाबले में अपना दूसरा एकल मैच खेल रहे थे। पिछली बार वह एकल मैच 2013 में यूक्रेन के खिलाफ विश्व ग्रुप प्ले आफ में खेले थे। तब भी वह चौथा ही मैच खेले थे और उन्होंने डेनिस मोलचानोव के खिलाफ 6-3 6-3 से जीत दर्ज की थी। 

मार्क ने टूर पर अपना एकल मैच 2014 में बार्सिलोना में खेला था और वह उस साल टूर पर केवल एक ही मैच खेले थे। नागल ने शुरूआती मुश्किलों से पार पाते हुए खुलकर खेलना शुरू किया। उन्होंने अपने फोरहैंड से कुछ ताकतवर शाट निकाले और ड्राप शाट का भी चतुराई से इस्तेमाल किया। उन्होंने अपने खेल के स्टाइल, कोर्ट कवरेज और शाट चयन से प्रभावित किया। लेकिन उनके बैकहैंड पर काम करने की जरूरत है और मार्क ने मैच के अंत में उसी हिस्से में आक्रमण किया। अगर उन्हें सांस की समस्या नहीं हुई होती तो नागल यादगार जीत की ओर बढ़ रहा था क्योंकि उनके खिलाफ खेलने वाला खिलाड़ी हाल के वषों में केवल आधे ही कोर्ट का इस्तेमाल कर रहा है। 

दिल्ली के इस खिलाड़ी के लिये हालांकि यह मैच आत्मविश्वास बढ़ाने वाला साबित होगा क्योंकि वह युगल के दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी के खिलाफ थे। नागल को तीसरे सेट के दूसरे गेम में सांस की समस्या के लिये मेडिकल टाइम आउट लेना पड़ा। यह तब हुआ जब मैच में उन्होंने पकड़ बनायी हुई थी। उन्हें ट्रेनर को बुलाने से पहले तीन ब्रेक प्वाइंट बचाये और फिर उपचार के बाद तीन और का बचाव किया। उन्होंने अपनी सर्विस बनाये रखी और मार्क की सर्विस एक बार तोड़कर निर्णायक सेट में 3-0 से बढ़त बना ली। लेकिन लय टूट गयी इसके बाद नागल लगातार पांच गेम गंवा बैठे और 3-5 से पिछड़ गये और मार्क ने मैच जीत लिया। नागल ने यहां खेलने से पहले पोलैंड में क्लेकोर्ट पर 25,000 डालर ईनामी राशि का आईटीएफ फ्यूचर्स खिताब जीता था और एक अन्य टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनायी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल