1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हॉकी: एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा भारत

हॉकी: एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा भारत

 Written By: IANS
 Published : Oct 29, 2016 06:40 pm IST,  Updated : Oct 29, 2016 06:40 pm IST

भारतीय पुरुष सीनियर हॉकी टीम ने अपने स्टार गोलकीपर और कप्तान पी. आर. श्रीजेश की बदौलत शनिवार को एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ कोरिया को पेनल्टी शूटआउट में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

PR Srijesh | PTI File Photo- India TV Hindi
PR Srijesh | PTI File Photo

कुआंटान: भारतीय पुरुष सीनियर हॉकी टीम ने अपने स्टार गोलकीपर और कप्तान पी. आर. श्रीजेश की बदौलत शनिवार को एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ कोरिया को पेनल्टी शूटआउट में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। निर्धारित समय का खेल 2-2 से बराबर रहने के बाद परिणाम के लिए मैच पेनल्टी शूटआउट में गया। पेनल्टी शूटआउट में दोनों टीमें अपने शुरुआती 3-3 प्रयासों में सफल रहीं। श्रीजेश ने साउथ कोरिया का चौथा प्रयास तो विफल कर दिया, लेकिन गलत टैकल की वजह से कोरिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। साउथ कोरिया ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर स्कोर 4-4 से बराबर कर लिया।

​खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

भारत को भी उसके पांचवें प्रयास में गलत टैकल के कारण पेनल्टी स्ट्रोक मिला और भारतीय टीम ने 5-4 से बढ़त ले ली। इसके बाद भारतीय गोलकीपर ने कोरिया के पांचवें प्रयास को विफल करते हुए जीत भारत की झोली में डाल दिया। इसस पहले, निर्धारित समय के खेल में भारत के लिए तलविंदर सिंह ने 15वें मिनट में टीम और मैच का पहला गोल किया। तलविंदर ने रिवर्स हिट के जरिए यह फील्ड गोल किया। हालांकि भारतीय टीम पहले क्वॉर्टर में मिली बढ़त को दूसरे क्वॉर्टर में कायम नहीं रख सकी। मैच के 21वें मिनट में इनवू सीयो के फील्ड गोल की बदौलत कोरिया ने 1-1 से बराबरी कर ली।

इसी स्कोर पर पहला हाफ समाप्त हुआ। दो मैचों से बाहर रहने के बाद इस अहम मैच के लिए टीम में वापस आए श्रीजेश ने पहले हाफ के आखिरी मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार बचाव किया और कोरिया को बढ़त लेने से रोका। इससे पहले 24वें मिनट में रुपिंदर ने कोरियाई टीम के एक और पेनल्टी कॉर्नर को जाया किया था। तीसरा क्वॉर्टर गोलरहित रहा और 1-1 से बराबरी के साथ दोनों टीमों ने अंतिम क्वॉर्टर में प्रवेश किया। यहां अहम क्षणों में कोरियाई टीम ने बाजी मारी और 53वें मिनट में जिहुन यांग ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर अपनी टीम को 2-1 से बढ़त दिला दी।

लेकिन भारतीय टीम ने कोरिया को ज्यादा देर बढ़त नहीं लेने दिया और दो मिनट बाद ही रमनदीप ने पूर्व कप्तान सरदार सिंह के बेहतरीन पास पर गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया। भारतीय टीम अब खिताबी मुकाबले के लिए पाकिस्तान और मेजबान मलेशिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच के विजेता से भिड़ेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल