1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में आज कोरिया से भिड़ेगा भारत

एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में आज कोरिया से भिड़ेगा भारत

 Written By: IANS
 Published : Oct 29, 2016 12:31 pm IST,  Updated : Oct 29, 2016 12:31 pm IST

कुआंटान (मलेशिया): एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। वहीं भारतीय महिला टीम शनिवार को जापान के खिलाफ टूर्नामेंट में अपने अभियान की

India, Asian champions Trophy- India TV Hindi
India, Asian champions Trophy

कुआंटान (मलेशिया): एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। वहीं भारतीय महिला टीम शनिवार को जापान के खिलाफ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में अपराजेय रही है और राउंड रॉबिन लीग में शीर्ष स्थान के साथ नॉकआउट चरण में पहुंची है।

भारतीय टीम के खिलाफ अब तक सिर्फ छह गोल हो सके हैं, जबकि पांच मैचों में भारतीय खिलाड़ी कुल 25 गोल दाग चुके हैं। छठी विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय टीम राउंड रॉबिन लीग में भी कोरिया से भिड़ चुकी है और यही एकमात्र ऐसा मैच रहा जिसमें भारत को अंक बांटने पड़े थे।

दूसरी ओर 11वीं विश्व वरीयता प्राप्त कोरियाई टीम अब तक टूर्नामेंट में 11 गोल कर सकी है, जो सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों में सबसे कम है।

हालांकि पूर्व एशियन चैम्पियन दक्षिण कोरिया एक जटिल टीम है और पिछले मैच में वह दिखा चुके हैं कि उनमें जीतने की योग्यता है। बेहतरीन रक्षापंक्ति से लैस भारतीय टीम के खिलाफ उन्होंने शुरुआती गोल हासिल कर लिया था और बाद में जब भारतीय टीम ने ताबड़तोड़ हमले शुरू किए तो कोरियाई रक्षापंक्ति ने मजबूती से उनका सामना किया था।

टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच पाकिस्तान और मेजबान मलेशिया के बीच होगा।

महिलाओं की चैम्पियनशिप शनिवार से शुरू हो रही है और भारतीय महिलाओं के सामने पहली चुनौती जापानी महिलाएं पेश करेंगे।

इसके बाद भारतीय महिला टीम रविवार को दक्षिण कोरिया, सोमवार को मलेशिया और चार नवंबर को चीन से भिड़ेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल