1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. महिला हॉकी विश्व कप में आयरलैंड से 1-0 हारा भारत

महिला हॉकी विश्व कप में आयरलैंड से 1-0 हारा भारत

 Reported By: IANS
 Published : Jul 26, 2018 08:32 pm IST,  Updated : Jul 26, 2018 08:32 pm IST

इस मैच में भारत को छह पेनाल्टी कॉर्नर हासिल हुए, लेकिन वह किसी भी मौके को भुना पाने में कामयाब नहीं हो पाई।

रानी रामपाल- India TV Hindi
रानी रामपाल

लंदन: वर्ल्ड नम्बर-10 भारतीय महिला हॉकी टीम को ली वैली स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए विश्व कप टूर्नामेंट के दूसरे मैच में आयरलैंड के हाथों 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में भारत को छह पेनाल्टी कॉर्नर हासिल हुए, लेकिन वह किसी भी मौके को भुना पाने में कामयाब नहीं हो पाई। इस हार का साफ मतलब यह है कि भारतीय टीम को 29 जुलाई को अमेरिका के खिलाफ पूल-बी में खेले जाने वाले अपने तीसरे और अंतिम मैच में जीत हासिल करनी होगी और आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच के परिणाम पर निर्भर भी रहना होगा। 

आयरलैंड के खिलाफ जीत के लक्ष्य से मैदान पर उतरी भारतीय टीम को चौथे ही मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन आयरलैंड के डिफेंस ने उसके इस मौके पर पानी फेर दिया।भारतीय टीम की खिलाड़ियों की गलती के कारण 12वें मिनट में आयरलैंड को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसमें ओना फ्लेनगन ने गोल कर अपनी टीम का खाता खोला। एक मिनट बाद ही भारतीय टीम को एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला। लिलिमा मिंज ने कॉर्नर से गेंद पास की, लेकिन गुरजीत कौर इस पर गलत शॉट खेल बैठीं और गेंद किनारे से बाहर निकल गई। ऐसे में आयरलैंड ने पहले क्वार्टर में 1-0 से बढ़त बरकरार रखी। 

दूसरे क्वार्टर फाइनल की शुरुआत के चौथे मिनट (19वें मिनट) में ही आयरलैंड को दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इस बार अनुभवी गोलकीपर सविता और डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का की कोशिश से आयरलैंड गोल नहीं कर पाई। भारतीय टीम को 25वें मिनट में तीसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला। आयरलैंड की डिफेंडर ने इस कोशिश को भी नाकाम कर दिया। अगले ही मिनट में लिलिमा ने विरोधी टीम के गोल पोस्ट पर सीधा शॉट मारा, जिसे आयरलैंड की गोलकीपर ने शानदार तरीके से बचाव करते हुए नाकाम कर दिया। 

इसके साथ ही पहले हाफ का खत्म हो गया। आयरलैंड अब भी भारत के खिलाफ 1-0 की बढ़त बनाए हुई थी। आयरलैंड के तेज खेल को संभालने में असफल नजर आ रही भारतीय महिला खिलाड़ियों को 39वें मिनट में इस मैच का चौथा पेनाल्टी कॉर्नर हासिल हुआ। गुरजीत ने एक बार फिर कोशिश की, लेकिन आयरलैंड की गोलकीपर ने इसे नेट तक नहीं पहुंचने दिया। 

अपने किसी भी पेनाल्टी कॉर्नर को भुनाने में असफल रही भारतीय टीम को मिला पांचवां पेनाल्टी कॉर्नर भी जाया गया और इसके साथ भारतीय महिलाएं तीसरे क्वार्टर में भी खाली हाथ रहीं। चौथे क्वार्टर में भी भारतीय टीम को संघर्ष करते देखा गया और उसे वर्ल्ड नम्बर-16 के खिलाफ सफलता हासिल नहीं हुई। एक बार फिर 54वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और एक बार फिर टीम असफल रही। 

इस कारण भारतीय टीम को आयरलैंड के हाथों 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल