1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. नीरज चोपड़ा ने फ्रेंच टूर्नामेंट सोतेविले एथलेटिक्स मीट में जीता गोल्ड मेडल

नीरज चोपड़ा ने फ्रेंच टूर्नामेंट सोतेविले एथलेटिक्स मीट में जीता गोल्ड मेडल

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 18, 2018 01:52 pm IST,  Updated : Jul 18, 2018 01:56 pm IST

चोपड़ा ने 85.17 मीटर की दूरी के साथ सोने का तमगा अपने नाम किया।

नीरज चोपड़ा- India TV Hindi
नीरज चोपड़ा

नयी दिल्ली: भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने फ्रांस में सोतेविले एथलेटिक्स मीट में गोल्ड मेडल जीता। इस इवेंट में चोपड़ा के प्रतिद्वंद्वियों में 2012 लंदन ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट केशोर्न वालकोट भी शामिल थे। 

चोपड़ा ने 85.17 मीटर की दूरी के साथ सोने का तमगा अपने नाम किया। मालदोवा के एंड्रियन मारडेयर 81.48 मीटर के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे जबकि लिथुआनिया के एडिस मातुसेविसियस ने 79.31 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। 

पानीपत के 20 साल के चोपड़ा ने 2016 में उस समय सुर्खियां बटोरी थी जब उन्होंने 2016 विश्व जूनियर चैंपियनशिप में 86.48 मीटर के विश्व रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता था। 

उन्होंने इस साल गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीता और फिर दोहा डाइमंड लीग में चौथे स्थान पर रहने के दौरान 87.43 मीटर के प्रयास के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। 

एएफआई अध्यक्ष आदिले सुमारिवाला ने चोपड़ा की तारीफ में ट्वीट किया,‘‘बेहतरीन काम किया नीरज... ऐसे ही आगे बढ़ते रहो... नीरज और कोच उवे होन (भाला फेंक में पूर्व विश्व रिकार्ड धारक) को बधाई। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की सिफारिश पर नीरज को कोच के साथ फिनलैंड भेजने के लिए राजी होने पर साइ और भारत सरकार को धन्यवाद।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल