1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ISL-6 : जमशेदपुर को हराकर अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंचा बेंगलुरू

ISL-6 : जमशेदपुर को हराकर अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंचा बेंगलुरू

 Reported By: IANS
 Published : Jan 10, 2020 06:25 am IST,  Updated : Jan 10, 2020 06:25 am IST

छेत्री ने इस सीजन में आठवां गोल किया और वह टॉप स्कोररों की सूची में शामिल हो गए हैं। 71वें मिनट में उदांता ने मौंका गंवाया उनका शॉट वाइड चला गया।

Sunil Chhetri- India TV Hindi
Sunil Chhetri Image Source : ISL

बेंगलुरू| मौजूदा चैंपियन बेंगलुरू एफसी ने गुरुवार को श्री कांतिरावा स्टेडियम में जमशेदपुर एफसी को 2-0 से हराकर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन की अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। विजेता बेंगलुरू के लिए एरिक पार्तालु ने आठवें और कप्तान सुनील छेत्री ने 63वें मिनट में गोल किए।

बेंगलुरू की इस सीजन में 12 मैचों में यह छठी और लगातर दूसरी जीत है और अब उसके 22 अंक हो गए हैं तथा वह अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। जमशेदपुर की 11 मैचों में यह चौथी हार है। टीम 13 अंकों के साथ छठे नंबर पर हैं और पिछले छह मैचों से एक भी मैच नहीं जीत पाई है।

बेंगलुरू ने चैंपियन के अंदाज में ही मैच की शुरुआत की और आठवें मिनट में ही एरिक पार्तालु के गोल की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली।

स्पेनिश मिडफील्डर डिमास डेल्गाडो ने कॉर्नर लिया और बॉल को जमशेदपुर के गोल पोस्ट की ओर भेजा। गोलपोस्ट के पास चौंकन्ने खड़े मिडफील्डर पार्तालु ने इस कॉर्नर पर बेहतरीन तरीके से जंप लगाते हुए हेडर के जरिए बॉल को गोल पोस्ट में डालकर बेंगलुरू का खाता खोल दिया।

बेंगलुरू इसके बाद 14वें और 27वें मिनट में अपनी बढ़त को दोगुना करने से चूक गईं। वहीं, जमशेदपुर भी 38वें मिनट में बराबरी का गोल दागने से चूक गया और मेजबान बेंगलुरू ने एक गोल की बढ़त के साथ पहले हाफ की समाप्ति की।

दूसरे हाफ के शुरू होने के बाद 48वें मिनट में बेंगलुरू के कुरियन और इसके पांच मिनट बाद ही उदांता सिंह भी अपनी टीम की बढ़त को दोगुना नहीं कर पाए। लेकिन 63वें मिनट में कप्तान छेत्री ने बेंगलुरू की बढ़त को दोगुना करने में कोई गलती नहीं की।

छेत्री को पहला गोल दागने वाले पार्तालु से एक लंबा पास मिला और उन्होंने इसे पहले हेडर के जरिए पहले तो इसे अपने नियंत्रण में लिया और फिर दाएं पैर से बॉल को गोलपोस्ट में डालकर बेंगलुरू को 2-0 से आगे कर दिया।

छेत्री का इस सीजन में यह आठवां गोल हैं और वह टॉप स्कोररों की सूची में शामिल हो गए हैं। 71वें मिनट में उदांता के पास बेंगलुरू का तीसरा गोल दागने का मौका था, लेकिन उदांता का शॉट वाइड चला गया।

79वें मिनट में आईएसएल में अपना पदार्पण कर रहे डेविड ग्रेंडे ने जमशेदपुर के लिए लगभग पहला गोल दाग ही दिया था, लेकिन बेंगलुरू के गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू एक हाथों से इसे सेव कर लिया।

इसके बाद जमशेदपुर की टीम इंजुरी टाइम तक भी अपना खाता नहीं खोल पाई और बेंगलुरू ने 2-0 की बढ़त को बरकरार रखते हुए पूरे तीन अंक हासिल कर लिए।

इस मैदान पर बेंगलुरू एफसी की जमशेदपुर के खिलाफ यह अब तक की पहली जीत है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल