नई दिल्ली: रियो ओलंपिक में भारतीय निशानेबाजी दल का हिस्सा रहे जीतू राय और मेराज अहमद खान के अलावा संजीव राजपूत ने सत्र के समापन पर होने वाली आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप फाइनल्स के लिए क्वालिफाई कर लिया है। मंगलवार को इसकी घोषणा की गई। विश्व कप फाइनल्स अगले महीने रोम के बोलोग्ना में होंगे।
जीतू राय पुरुषों की 10 मीटर एवं 50 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे, जबकि राजपूत 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में भारतीय दावेदारी पेश करेंगे। मेराज भी एकमात्र स्कीट स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।
चार से 10 अक्टूबर के बीच टूर्नामेंट में पिस्टल और राइफल से संबंधित स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जबकि 10 से 16 अक्टूबर के बीच शॉटगन स्पर्धाएं खेली जाएंगी।
वर्षात के इस बेहद प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हर स्पर्धा में दुनिया के शीर्ष-8 खिलाड़ियों को प्रवेश मिलता है, जबकि मौजूदा चैम्पियन को स्वत: प्रवेश मिल जाता है। इसके अलावा ओलम्पिक के आयोजन वर्ष में ओलम्पिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी स्वत: प्रवेश दिया जाता है।
बोलोग्ना में होने वाले इस टूर्नामेंट में राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं में 34 देशों के 119 निशानेबाज हिस्सा लेंगे, जबकि शॉटगन स्पर्धाओं में 26 देशों के 58 प्रतिभागी निशाना लगाते नजर आएंगे।