1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आस्ट्रेलिया ने भारत को सुल्तान जोहोर कप में 4-3 से हराया

आस्ट्रेलिया ने भारत को सुल्तान जोहोर कप में 4-3 से हराया

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 26, 2017 06:50 pm IST,  Updated : Oct 26, 2017 06:50 pm IST

भारतीय जूनियर टीम को आज यहां सातवें सुल्तान जोहोर कप हाकी टूर्नामेंट के चौथे राउंड के रोबिन लीग मुकाबले में आस्ट्रेलिया के हाथों 3-4 से हार का मुंह देखना पड़ा।

Johor cup- India TV Hindi
Johor cup

जोहार बाहरू मलेशिया: भारतीय जूनियर टीम को आज यहां सातवें सुल्तान जोहोर कप हाकी टूर्नामेंट के चौथे राउंड के रोबिन लीग मुकाबले में आस्ट्रेलिया के हाथों 3-4 से हार का मुंह देखना पड़ा। भारत ने कल अपने तीसरे लीग मुकाबले में अमेरिका को 22-0 से रौंदा था, उसके एक दिन बाद उसे आस्ट्रेलिया से पराजय झोलनी पड़ी जो उसकी पहली हार है। 

दिलप्रीत सिंह ने 30वें और 47वें मिनट में जबकि संजय ने नौंवे मिनट में भारत के लिये गोल किये जबकि जीतने वाली आस्ट्रेलियाई टीम के लिये जोएल रिंटाला ने तीसरे मिनट, कोबी ग्रीन ने 36वें मिनट, जोनाथन ब्रेथरटन ने 45वें मिनट और नाथन इफराम्स ने 45वें मिनट में गोल दागे। आस्ट्रेलिया ने पहले क्वार्टर में दबदबा बनाते हुए भारतीय डिफेंस पर हमले बोले और अच्छी शुरूआत की। इससे आस्ट्रेलिया को तीसरे ही मिनट में पेनल्टी कार्नर मिल गया जिसे जोएल रिंटाला ने गोल में तब्दील कर बढ़त बना ली हालांकि गोल गंवाने के बाद भारतीय टीम ने पहले ार्टर के अंत में नौंवे मिनट में पेनल्टी कार्नर जीता जिस पर संजय ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 

दूसरे क्वार्टर में खेल संतुलित रहा जिसमें दोनों टीमों के डिफेंडरों ने भरसक प्रयास किये। हालांकि हाफ टाइम हूटर के अंतिम मिनट में दिलप्रीत सिंह के शानदार शाट से भारत को 2-1 से बढ़त मिल गयी। तीसरे क्वार्टर में आस्ट्रेलिया का ध्यान सिर्फ बराबरी पर लगा था, उसने तेजी से किये गये पास से खेल पर नियंत्रण बनाया। 36वें मिनट में आस्ट्रेलियाई टीम एक पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर बराबरी पर आ गयी, जिस पर कोबी ग्रीन ने गोल किया।

इसके बाद आस्ट्रेलियाई टीम 45वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर जोनाथन ब्रेथरटन ने शानदार शाट से किये गये गोल से 3-2 से आगे हो गयी। अंतिम क्वार्टर में दिलप्रीत ने लंबे पास से गोल कर भारत को फिर 3-3 पर ला दिया। हालांकि यह बराबरी केवल दो मिनट ही रह सकी क्योंकि आस्ट्रेलिया के नाथन इफराम्स ने 49वें मिनट में पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल दिया जो आस्ट्रेलिया के लिये विजयी गोल साबित हुआ। 

भारतीय टीम अब 28 अक्तूबर को अपने पांचवें मैच में ग्रेट ब्रिटेन से भिड़ेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल