1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं से मुलाकात की

मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं से मुलाकात की

 Reported By: IANS
 Published : Apr 30, 2018 05:53 pm IST,  Updated : Apr 30, 2018 10:15 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इस माह ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं से मुलाकात की।

modi, commonwealth games medal winners- India TV Hindi
modi, commonwealth games medal winners

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इस माह ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं से मुलाकात की। मोदी ने इन राष्ट्रमंडल खेलों में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद पदक जीतने में असफल रहे खिलाड़ियों की भी प्रशंसा की। अपने निवास स्थान पर आयोजित हुए एक समारोह में मोदी ने कहा, "खेल जगत में हासिल हुई उपलब्धियां हर किसी को प्रेरित करती हैं। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने भारत का मान बढ़ाया है। जब भी कोई भारतीय वैश्विक रूप से आयोजित प्रतियोगिता में जीत हासिल करता है, तो भारतीय राष्ट्रध्वज ऊंचा उठता है।"

भारत ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया। देश ने कुल 66 पदक जीते, जिसमें 26 स्वर्ण, 20 रजत और 20 कांस्य पदक शामिल थे। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक खिलाड़ी के जीवन का प्रसार कई दशकों तक होता है। उन्होंने इस क्रम में भारत की अनुभवी महिला मुक्केबाज मैरी कॉम का उदाहरण दिया। 

इसके साथ ही मोदी ने पुलेला गोपीचंद का भी उदाहरण दिया, जो एक खिलाड़ी के तौर पर सफल करियर के बाद अब कई बैडमिंटन खिलाड़ियों के मेंटर हैं। मोदी ने कहा कि  प्रशिक्षण, ध्यान और कड़ी मेहनत के अलावा मानसिक रूप से मजबूत होना भी एक खिलाड़ी के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस क्रम में उन्होंने योग के लाभों का उल्लेख किया। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी इस समारोह में मौजूद थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल