नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश भर की कई हस्तियों ने रियो परालम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भालाफेंक खिलाड़ी देवेंद्र झझारिया को बधाई दी है। मोदी ने ट्वीट किया, देवेंद्र झझारिया को परालम्पिक में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। हमें उन पर गर्व है।
ओलंपिक में भारत के लिये व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने भी झझारिया को बधाई दी। उन्होंने कहा, देवेंद्र झझारिया को बहुत बहुत बधाई। आप हम सभी को प्रेरित करते हैं।
क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, परालम्पिक अब प्यारालम्पिक हो गया है। स्वर्ण और नये विश्व रिकार्ड के लिये देवेंद्र झझारिया को सलाम। उन्होंने 2004 में भी स्वर्ण जीता था।
क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने लिखा, देवेंद्र झझारिया को स्वर्ण पदक और नये विश्व रिकार्ड के लिये बधाई। वाकई प्रेरणादायी है। उम्मीद है कि 2004 के स्वर्ण की तुलना में बेहतर कवरेज मिलेगी।
एथेंस ओलंपिक 2024 के रजत पदक विजेता निशानेबाज राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा, बधाई हो देवेंद्र झझारिया। परालम्पिक कइयों को प्रेरणा दे रहे हैं। आपके प्रयासों को सलाम।
टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना ने लिखा, देवेंद्र झझारिया को अपना ही विश्व रिकार्ड तोड़ने और देश को गौरवान्वित करने के लिये बधाई।