1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. नरसिंह के रियो उम्मीद पर आज नाडा सुनाएगा अहम फैसला

नरसिंह के रियो उम्मीद पर आज नाडा सुनाएगा अहम फैसला

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 28, 2016 06:50 am IST,  Updated : Jul 28, 2016 06:50 am IST

नई दिल्ली: राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने डोपिंग के दोषी पाए गए भारतीय पहलवान नरसिंह यादव के मामले की सुनवाई गुरुवार तक टाल दी है। बुधवार को नई घटनाओं से नरसिंह डोपिंग मामले में

narsingh yadav- India TV Hindi
narsingh yadav

नई दिल्ली: राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने डोपिंग के दोषी पाए गए भारतीय पहलवान नरसिंह यादव के मामले की सुनवाई गुरुवार तक टाल दी है। बुधवार को नई घटनाओं से नरसिंह डोपिंग मामले में आए नए मोड़ को देखते हुए नाडा ने सुनवाई के दौरान कोई फैसला नहीं सुनाया। तीन घंटे तक चली सुनवाई में नरसिंह के वकील ने दलील दी कि खिलाड़ी हालात का पीड़ित है। उन्होंने साथ ही नरसिंह पर रियो ओलम्पिक-2016 में जाने पर प्रतिबंध न लगाने की अपील भी की है।

नरसिंह के अगले महीने से शुरू होने वाले रियो ओलम्पिक-2016 में जाने पर तब से काले बादल मंडरा रहे हैं जब से उनका डोप परीक्षण का परिणाम सकारात्मक पाया गया है। नरसिंह के डोप टेस्ट में फेल होने के बाद उन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया है। नरसिंह को बुधवार को तब और बड़ा झटका लगा जब पांच जुलाई को एकत्रित उनके दूसरे नमूने का डोप टेस्ट भी सकारात्मक आया।

इसी बीच 'युनाइटेड विश्व रेसलिंग' के दबाव में भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने मंगलवार को प्रावीण राणा को रियो में नरसिंह का प्रतिस्थापन खिलाड़ी घोषित कर दिया, ताकि ओलम्पिक की 74 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का कोटा बचा रहे। डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह ने बुधवार को कहा कि राणा का नाम 25 जुलाई को भेजा जा चुका था जो प्रतिस्थापन खिलाड़ी का नाम भेजने की अंतिम तारीख थी।

ब्रजभूषण ने बताया, "हालांकि नरसिंह की जगह प्रवीण राणा के नाम की घोषणा की गई है, लेकिन अगर वह निर्दोष साबित होते हैं तो मैं ओलम्पिक कोटा सुनिश्चित करने के लिए एक और लड़ाई लड़ने को तैयार हूं।" उन्होंने कहा, "राणा का नाम ओलम्पिक कोटा बचाए रखने के लिए भेजा गया था, जिसे 26 जुलाई को मंजूर कर लिया गया है। अगर हम राणा का नाम नहीं भेजते तो हम ओलम्पिक कोटा खो देते।" उन्होंने साथ ही कहा कि नरसिंह के रियो जाने की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "उनका रियो जाने का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। अब यह नरसिंह पर है कि वह अपने आप को निर्दोष साबित कर पाते हैं या नहीं। अगर वह ऐसा कर पाते हैं तो वह ओलम्पिक जाएंगे।"

डोप टेस्ट में फेल होने के बाद नरसिंह ने कहा था कि उनके खिलाफ साजिश की गई है और उन्होंने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी है। हालांकि वह साजिश में शामिल व्यक्ति का नाम लेने से बचते दिखे। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद नरसिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मैंने हमेशा कहा है कि मेरे खिलाफ साजिश की गई है। अगर मैं निर्दोष साबित हुआ तो मैं रियो जाऊंगा। मैंने उस शख्स की पहचान कर ली है जिसने मेरे खाने में मिलावट की। मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।"

इस बीच रियो ओलम्पिक के लिए नरसिंह के स्थानापन्न खिलाड़ी राणा जॉर्जिया के लिए रवाना हो चुके हैं जहां वह भारतीय कुश्ती टीम के साथ अभ्यास करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल