1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ओलंपिक टेस्ट: भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया के साथ खेला ड्रा

ओलंपिक टेस्ट: भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया के साथ खेला ड्रा

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 18, 2019 12:30 pm IST,  Updated : Aug 18, 2019 12:30 pm IST

दुनिया की दूसरे नंबर की टीम दूसरे क्वार्टर में पूरी तरह से हावी रही और कई पेनल्टी कार्नर हासिल कर भारतीय टीम को दबाव में ला दिया।

India vs Australia- India TV Hindi
India vs Australia Image Source : HOCKEY INDIA

टोक्यो। भारतीय महिला हॉकी टीम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए रविवार को यहां ओलंपिक परीक्षण प्रतियोगिता के राउंड रोबिन लीग मैच में दुनिया की दूसरे नंबर की टीम आस्ट्रेलिया को 2-2 से ड्रा पर रोका। 

टूर्नामेंट के दूसरे मैच में भारत के लिये वंदना कटारिया (36वें मिनट) और गुरजीत कौर (59वें मिनट) ने गोल किये। आस्ट्रेलिया की तरफ से कैटलिन नोब्स ने 14वें और ग्रेस स्टीवर्ट ने 43वें मिनट में गोल दागे। भारत ने शनिवार को पहले मैच में मेजबान जापान को 2-1 से शिकस्त दी थी। 

दुनिया की 10वें नंबर की भारतीय टीम ने आक्रामक तरीके से मैच की शुरुआत की। उसने आस्ट्रेलिया की आक्रामक हॉकी जैसा ही खेल दिखाया जिससे दोनों टीमों ने पेनल्टी कार्नर हासिल किये। हालांकि दोनों ही गोल नहीं कर सकीं। लेकिन 14वें मिनट में भारतीय डिफेंडर ने गोल पर एक शॉट रोक दिया जिसके बाद आस्ट्रेलिया को पेनल्टी स्ट्रोक दिया गया। नोब्स ने गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाने में कोई गलती नहीं की। 

दुनिया की दूसरे नंबर की टीम दूसरे क्वार्टर में पूरी तरह से हावी रही और कई पेनल्टी कार्नर हासिल कर भारतीय टीम को दबाव में ला दिया। भारतीय गोलकीपर सविता ने कई अच्छे बचाव किये जिससे हाफ टाइम तक आस्ट्रेलिया 1-0 से आगे रही। 

तीसरे क्वार्टर में फिर आस्ट्रेलियाई टीम का दबदबा रहा और पेनल्टी कार्नर के जरिये गोल करने के कुछ मौके बनाये। पर सविता ने फिर शानदार बचाव किये। वंदना कटारिया ने 36 वें मिनट में बराबरी गोल दागा। पर यह बढ़त ज्यादा समय तक नहीं रही। 

आस्ट्रेलिया ने 43वें मिनट में ग्रेस स्टीवर्ट की बदौलत स्कोर 2-1 से कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने मजबूत वापसी करने की कोशिश की। टीम ने 59 वें मिनट में पेनल्टी कार्नर हासिल किया। ड्रैग-फ्लिकर गुरजीत कौर ने गोल कर मैच ड्रा कराया। भारतीय टीम अपने तीसरे और आखिरी राउंड राबिन मैच में मंगलवार को चीन से भिड़ेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल