1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. चैम्पियंस लीग खिताब जीतने पर बोले लेवांडोवस्की कहा, 'सपना सच हुआ'

चैम्पियंस लीग खिताब जीतने पर बोले लेवांडोवस्की कहा, 'सपना सच हुआ'

 Edited By: IANS
 Published : Aug 24, 2020 06:10 pm IST,  Updated : Aug 24, 2020 06:10 pm IST

ऐतिहासिक सीजन के बाद जर्मनी के फुटबॉल क्लब बायर्न म्यूनिख ने फ्रांस के क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को 1-0 से हरा यूईएफए चैम्पियंस लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। जर्मन क्लब का यह छठा चैम्पियंस लीग खिताब है।

Champions League, Lewandowski, sports, football- India TV Hindi
Champions League Image Source : GETTY IMAGES

यूईएफए चैम्पियंस लीग का खिताब जीतने वाली बायर्न म्यूनिख के स्ट्राइकर रोबर्ट लेवांडोवस्की ने कहा है कि खिताब जीतने का उनका सपना अब सच हुआ है। ऐतिहासिक सीजन के बाद जर्मनी के फुटबॉल क्लब बायर्न म्यूनिख ने फ्रांस के क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को 1-0 से हरा यूईएफए चैम्पियंस लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। जर्मन क्लब का यह छठा चैम्पियंस लीग खिताब है।

लेवांडोवस्की ने मैच के बाद पोलैंड टीवी से कहा, "वास्तव में मुझे इस टीम पर गर्व है, क्योंकि सफलता हासिल करने के लिए हमने कड़ी मेहनत की है।"

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, रविवार को इस्टेडिया डा लुज में खेले गए इस फाइनल मैच में पीएसजी के पूर्व खिलाड़ी जो जर्मन क्लब की तरफ से खेल रहे थे-किंग्सले कोमैन ने 59वें मिनट में अपने क्लब म्यूनिख के लिए गोल कर दिया।

यहां से भी म्यूनिख ने अपनी बढ़त को दोगुना करने के मौके बनाए, लेकिन वो अंजाम तक नहीं पहुंच सके। अंत में पीएसजी ने भी काफी कोशिशें कीं, लेकिन वो गोल नहीं कर पाई।

लेवांडोवस्की ने कहा, "मैं नहीं जानता कि मैं क्या कहूं। हमने सफलता के लिए बहुत मेहनत की है और हम काफी वर्षों से इसे जीतने की कोशिश कर रहे हैं। हमने इतिहास रच दिया है। हमने पीएसजी को हराया लेकिन हमने चैंपियंस लीग के इस संस्करण में भी सभी मैच जीते। मुझे इस टीम पर और फुटबॉल खेलने पर गर्व है।"

स्ट्राइकर लेवांडोवस्की चैम्पियंस लीग 2019-20 में सबसे ज्यादा 15 गोल कर चुके हैं। उन्होंने बंदुेसलीगा लीग में भी सबसे ज्यादा 34 गोल दागे थे।

उन्होंने कहा, "मेरा सपना सच हुआ। मैंने इसके लिए काफी लंबे समय से मेहनत की थी। जब मैं बच्चा था, तभी इसे जीतना मेरा सपना था। इसे बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। मैच जीतने के बाद मैं भावुक हो गया और रोने लगा।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल