1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. प्रो कबड्डी लीग 6: अहमदाबाद लेग में बेंगलुरू की पहली जीत, घरेलू मैदान पर गुजरात ने यूपी को हराया

प्रो कबड्डी लीग 6: अहमदाबाद लेग में बेंगलुरू की पहली जीत, घरेलू मैदान पर गुजरात ने यूपी को हराया

 Reported By: IANS
 Published : Nov 18, 2018 11:25 pm IST,  Updated : Nov 18, 2018 11:36 pm IST

प्रो-कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के अहमदाबाद लेग में रविवार को भी यहां गुजरात फॉर्च्यून जाएंट्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यूपी योद्धा को 37-32 से मात दी।

अहमदाबाद लेग में बेंगलुरू बुल्स की पहली जीत, घरेलू मैदान पर गुजरात ने यूपी हराया- India TV Hindi
अहमदाबाद लेग में बेंगलुरू बुल्स की पहली जीत, घरेलू मैदान पर गुजरात ने यूपी हराया Image Source : PTI

बेंगलुरू बुल्स ने रविवार को यहां प्रो-कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के अहमदाबाद लेग के मुकाबले में जयपुर पिंक पैंथर्स को 45-32 से पराजित किया। पिछले मुकाबले में बेंगलुरू ने मेजबान टीम गुजरात फॉर्च्यूनजाएंट्स के खिलाफ रोमांचक ड्रॉ खेला था। बेंगलुरू के लिए रेडर पवन शेरावत ने दमदार 19 अंकों का योगदान दिया जबकि डिफेंडर महेंदर सिंह ने पांच अंक बटोरे। जयपुर के लिए मैच में रेड के जरिए सबसे अधिक अंक दीपक हुड्डा (11) जबकि डिफेंस के जरिए सबसे अधिक अंक संदीप धुल (3) ने अर्जित किए। द एरेना बाई ट्रांस्टाडिया में खेले गए अहमदाबाद लेग के इस मैच में दोनों टीमों ने सधी हुई शुरुआत की और पहले पांच मिनट के बाद 4-4 की बाराबर पर रही। 

जोन-ए की तालिका में आखिरी स्थान पर मौजूद जयपुर ने इसके बाद अपने खेल को बेहतर किया। जयपुर ने बेंगलुरू के रेडर को अंक नहीं बटोरने नहीं दिया और विपक्षी टीम को ऑलआउट कर 11-5 की बढ़त बना ली। जयुपर की डिफेंस को रेडर काशिलिंग अडाके ने भेदा। उन्होंने सुपर रेड लगाते हुए जयपुर के चार खिलाड़ियों को आउट किया। जयुपर इससे उबर नहीं पाई और बेंगलुरू ने उसे आल ऑउट करते हुए मैच में 16-15 की अप्रत्याशित बढ़त बना ली। हालांकि, जयपुर ने हार नहीं मानी और पहले हाफ समाप्त होने तक दोबारा 18-17 से आगे हो गई। 

कप्तान रोहित कुमार ने बेंगलुरू बुल्स को दूसरे हाफ में शानदार शुरुआत दिलाई और जयपुर के तीन खिलाड़ियों को आउट करके अपनी टीम को 20-19 से आगे कर दिया। बेंगलुरू ने अपनी लय बनाए रखी, उसने जयपुर को आल आउट करते हुए 26-19 की बढ़त बना ली। मैच खत्म होने से पहले बेंगलुरू ने विपक्षी टीम को दोबारा ऑल आउट करने में कामयाबी पाई और स्कोर 36-24 कर दिया। अंतिम क्षणों में भी बेंगलुरू ने अपने खेल के स्तर में गिरावट नहीं आने दी और 45-32 से मैच जीत लिया। 

घरेलू मैदान पर गुजरात ने यूपी को 37-32 से हराया

प्रो-कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के अहमदाबाद लेग में रविवार को भी यहां गुजरात फॉर्च्यून जाएंट्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यूपी योद्धा को 37-32 से मात दी। द एरेना बाई ट्रांस्टाडिया में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में गुजरात के लिए रेड के जरिए सबसे अधिक अंक सचिन तनवर (8) जबकि डिफेंस के जरिए सबसे अधिक अंक सुनील कुमार (5) ने अर्जित किए। यूपी के लिए रेडर श्रीकांत जाधव ने 11 अंकों का योगदान दिया जबकि डिफेंडर नीतेश कुमार ने पांच अंक हासिल किए। गुजरात की टीम मैच के पहले मिनट से ही आत्मविश्वास से भरी हुई नजर आई और उसने दमदार शुरूआत की। मेजबान टीम ने कप्तान एवं डिफेंडर सुनील और रेडर सचिन के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत पहले 10 मिनट में ही 15-5 की बड़ी बढ़त बना ली। 

मेजबान टीम ने मैच पर अपनी पकड़ कमजोर नहीं होने दी। पहले हाफ की समाप्ति पर गुजरात 19-10 से आगे रहा। यूपी ने दूसरे हाफ की शुरुआत में रक्षात्मक खेल दिखाया। मेहमान टीम ने अंकों के अंतर को कम करते हुए स्कोर 21-17 कर दिया। यूपी की टीम ने मैच में धमाकेदार वापसी की और गुजरात को ऑल आउट करते हुए 23-22 की बढ़त बना ली। ऐसे में डिफेंडर सचिन विट्टाला रेड लगाने आए और उन्होंने अपनी टीम को दो अंक दिलाकर दोबारा 25-23 से आगे कर दिया। इसके बाद, मेजबान टीम ने यूपी को ऑल आउट करने में कामयाबी पाई और मैच अपने नाम किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल