1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. शानदार! एशियाई चैम्पियन बने तेजेन्दरपाल की ऐतिहासिक सफलता, पीएम मोदी समेत इन्होंने दी बधाई

शानदार! एशियाई चैम्पियन बने तेजेन्दरपाल की ऐतिहासिक सफलता, पीएम मोदी समेत इन्होंने दी बधाई

 Reported By: IANS
 Published : Aug 25, 2018 11:47 pm IST,  Updated : Aug 25, 2018 11:47 pm IST

भारत के तेजेन्दरपाल सिंह तूर ने 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार को शॉट पुट स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया।

तेजेन्दरपाल  ने 20.75 मीटर के साथ भारत का परचम लहराया- India TV Hindi
तेजेन्दरपाल  ने 20.75 मीटर के साथ भारत का परचम लहराया Image Source : PTI

जकार्ता। भारत के तेजेन्दरपाल सिंह तूर ने 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार को शॉट पुट स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। तूर ने एशियाई रिकॉर्ड के साथ पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 20.75 मीटर के साथ भारत का परचम लहराया। भारत का इस एशियाई खेलों में यह सातवां स्वर्ण पदक है। एशियाई खेलों में यह एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 20.57 मीटर का रिकार्ड था, जो सऊदी अरब के अब्दुलमजीद अल्हाबाशी ने 2010 एशियाई खेलों में बनाया था। 

एशियाई खेलों के इतिहास में पुरुषों के शॉट पुट में भारत का यह नौवां स्वर्ण पदक है। इससे पहले, मदन लाल ने 1951 में, परदुमन सिंह ने 1954 और 1958 में, जोगिन्दर सिंह ने 1966 और 1970 में, बहादुर सिंह चौहान ने 1978 और 1982 में तथा बहादुर सिंह सागू ने 2002 के एशियाई खेलों के शॉट पुट स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था। 23 साल के तेजेन्दर ने यहां जीबीके मेन स्टेडियम में पहले प्रयास में 19.96, दूसरे प्रयास में 19.15 मीटर का थ्रो किया। 

हालांकि तीसरा प्रयास उनका फाउल रहा। लेकिन उन्होंने चौथे प्रयास में 19.96 और पांचवें प्रयास में 20.75 का रिकॉर्ड थ्रो किया। तेजेन्दरपाल के लिए स्वर्ण जीतने की राह उस समय आसान हो गई जब लगातार तीन बार से स्वर्ण जीतते आ रहे सऊदी अरब के अब्दुलमजीद अल्हाबाशी पहले तीन प्रयास में विफल रहे और वह पदक की दौर से बाहर हो गए। 

भारतीय नौ सेना में काम करने वाले पंजाब के मोगा जिले के तेजेन्दरपाल ने पिछले साल एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। वह गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में हालांकि निराशाजनक तौर पर आठवें स्थान पर रहे थे। इसी स्पर्धा में चीन के लियू यांग ने 19.52 मीटर के साथ रजत पदक और कजाकिस्तान के इवानोव इवान ने 19.40 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। 

भारत के खेल मंत्री और 2004 एथेंस ओलम्पिक में निशानेबाजी का रजत पदक जीतने वाले राज्यवर्धन सिंह राठौर ने तेजेन्दरपाल को स्वर्ण पदक पहनाया। इससे पहले राठौर ने जकार्ता से ट्वीट करके तूर के इस शानदार प्रदर्शन की तारीफ की थी। 

खेल मंत्री के अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग, मोहम्म्द कैफ, फिल्म अभिनेता अनिल कपूर, पूर्व एथलीट पीटी ऊषा और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर्ण जीतने पर तूर को बधाई दी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल