1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप: सिंधू, श्रीकांत और प्रणीत जीते

वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप: सिंधू, श्रीकांत और प्रणीत जीते

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 01, 2018 06:42 pm IST,  Updated : Aug 01, 2018 06:42 pm IST

पी वी सिंधू और किदाम्बी श्रीकांत ने जीत दर्ज कर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी।

पी वी सिंधू- India TV Hindi
पी वी सिंधू Image Source : GETTY IMAGES

नानजिंग (चीन): पी वी सिंधू और किदाम्बी श्रीकांत ने जीत दर्ज कर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी लेकिन विश्व में 11वें नंबर के एच एस प्रणय को ब्राजील के इगोर कोल्हो के हाथों हार का सामना करना पड़ा। ओलंपिक रजत पदक विजेता सिंधू ने इंडोनेशिया की फितरियानी को 21-14, 21-9 से आसानी से हरा दिया। पिछले साल रजत पदक जीतने वाली इस 23 साल की भारतीय खिलाड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी। वह अगले दौर में कोरिया की सुंग जी ह्यून से भिड़ेंगी जो 2015 विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता हैं। 

पांचवीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने स्पेन के पाबलो एबियन को तीन गेम तक चले मैच में 21-15, 12-21, 21-14 से हराया। पिछले साल चार खिताब जीतने वाले श्रीकांत का सामना अब मलेशिया के डेरेन ल्यू से होगा जिन्होंने 2012 फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज जीती थी। बी साई प्रणीत भी अगले दौर में पहुंच गये हैं। उन्होंने स्पेन के लुई एनरिक पेनालवर को 21-18, 21-11 से हराया। अब उन्हें डेनमार्क के हैंस क्रिस्टियन सोलबर्ग विटिंगस का सामना करना है। 

एक दूसरे मैच में प्रणय ने अच्छी शुरुआत की लेकिन वह इसे बरकरार नहीं रख पाये और विश्व में 39वीं रैंकिंग के कोल्हो से 21-8, 16-21, 15-21 से हार गये। भारत के युगल खिलाड़ियों के लिये भी आज का दिन अच्छा नहीं रहा और सभी को हार झेलनी पड़ी। राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद डेनमार्क की विश्व में नंबर आठ जोड़ी किम एस्ट्रुप और एंडर्स सकारूप रासमुसन से 18-21, 21-15, 16-21 से हार गयी। 

अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी के पास युकी फुकुशिमा और सयाका हिरोता की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी का कोई जवाब नहीं था। भारतीय जोड़ी ने यह मैच 14-21, 15-21 से गंवाया। राष्ट्रीय चैंपियन मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की लेकिन आखिर में वे पुरूष युगल में जापान के ताकुतो इनोउ और युकी कानेको से 24-22 13-21 16-21 से हार गये। ​

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल