1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में दिखेगी सिंधू, साइना की प्रतिद्वंद्विता

राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में दिखेगी सिंधू, साइना की प्रतिद्वंद्विता

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 11, 2019 09:05 pm IST,  Updated : Feb 11, 2019 09:05 pm IST

पीवी सिंधू और साइना नेहवाल सहित भारत के शीर्ष शटलर मंगलवार से गुवाहाटी में शुरू होने वाली 83वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में जीत के लिए जोर लगाएंगे जिसकी शुरूआत क्वालीफायर मुकाबलों से होगी।

PV Sindhu And Saina Nehwal- India TV Hindi
PV Sindhu And Saina Nehwal Image Source : GETTY IMAGES

गुवाहाटी। पीवी सिंधू और साइना नेहवाल सहित भारत के शीर्ष शटलर मंगलवार से गुवाहाटी में शुरू होने वाली 83वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में जीत के लिए जोर लगाएंगे जिसकी शुरूआत क्वालीफायर मुकाबलों से होगी। गत चैम्पियन साइना और पिछले चरण की उप विजेता सिंधू महिला टीम में आकर्षण का केंद्र होंगी।

पुरूष एकल में हालांकि थोड़ी चमक फीकी हो जायेगी क्योंकि गत चैम्पियन एच एस प्रणय और उप विजेता किदाम्बी श्रीकांत के चोटिल होने के कारण इसमें नहीं खेलेंगे। इनकी अनुपस्थिति में पूर्व चैम्पियन समीर वर्मा और पारूपल्ली कश्यप पर सभी की निगाहें लगी होंगी। 

पिछले चरण में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले युवा लक्ष्ण् सेन भी इस प्रभाव डालने का प्रयास करेंगे। बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में पुरूष और महिला एकल में 50 से नीचे की रैंकिंग वाले शीर्ष आठ खिलाड़ी सीधे प्री क्वार्टर से अपना सफर शुरू करेंगे। 

युगल में शीर्ष 50 में रहने वाली शीर्ष चार टीमें क्वार्टरफाइनल में खेलेंगी। एकल ड्रा में 16 वरीय खिलाड़ी होंगे जबकि युगल में आठ जोड़ियों को वरीयता मिलेगी। 

साइना ने नये बीडब्ल्यूएफ सत्र की शुरूआत इंडोनेशिया मास्टर्स में खिताबी जीत से की है और वह इसी लय को जारी रखकर चौथी बार राष्ट्रीय ट्राफी हासिल करना चाहेंगी। 

महिला एकल में सिंधू और साइना के अलावा श्रेयसी परदेशी, अश्मिता चालिहा, कनिका कंवल, अरूणा प्रभुदेसाई, साई उत्तेजिता राव और आकर्षि कश्यप सीधे प्री क्वार्टर फाइनल में चुनौती पेश करेंगी। 

पुरुष एकल में समीर वर्मा, बी साई प्रणीत और पारूपल्ली कश्यप के अलावा शुभंकर डे, अंसल यादव, चिराग सेन, बोधित जोशी और कार्तिक जिंदल सीधे प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले के लिए उतरेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल