1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. फर्राटा रेसर दुतीचंद ने रियो ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई

फर्राटा रेसर दुतीचंद ने रियो ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 25, 2016 11:52 pm IST,  Updated : Jun 25, 2016 11:52 pm IST

लिंग संबंधी मामले में जीत दर्ज करके अंतरराष्ट्रीय सर्किट में वापसी करने के एक साल बाद भारतीय महिला फर्राटा धाविका दुतीचंद ने आज रियो ओलंपिक में 100 मीटर दौड़ के लिये क्वालीफाई कर लिया।

duti chand- India TV Hindi
duti chand Image Source : PTI

नई दिल्ली: लिंग संबंधी मामले में जीत दर्ज करके अंतरराष्ट्रीय सर्किट में वापसी करने के एक साल बाद भारतीय महिला फर्राटा धाविका दुतीचंद ने आज रियो ओलंपिक में 100 मीटर दौड़ के लिये क्वालीफाई कर लिया।

कजाखिस्तान के अलमाटी में 26वें जे कोसनोव मेमोरियल मीट में उन्होंने ओलंपिक में जगह बनाने के साथ खुद के राष्ट्रीय रिकार्ड में भी सुधार किया।

बीस वर्षीय दुती ने कजाखिस्तान की प्रतियोगिता में महिलाओं की 100 मीटर दौड़ 11.30 सेकेंड में पूरी की और इस तरह से रियो ओलंपिक में अपनी जगह पक्की की। रियो ओलंपिक के लिये क्वालीफाईंग मार्क 11.32 सेकेंड था।

अपने इस प्रयास के दौरान ओडि़शा की एथलीट दुती ने 11.33 सेकेंड का खुद का राष्ट्रीय रिकार्ड भी तोड़ा जो उन्होंने अप्रैल में फेडरेशन कप राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बनाया था। वह रियो खेलों के लिये क्वालीफाई करने वाली भारत की 20वीं ट्रैक एवं फील्ड एथलीट हैं।

दुती 100 मीटर क्वालीफिकेशन प्रणाली लागू किये जाने के बाद इस स्पर्धा में क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला भी हैं। महान पीटी उषा ओलंपिक 100 मीटर में भाग लेने वाली आखिरी भारतीय महिला एथलीट थी। उन्होंने मास्को ओलंपिक 1980 में हिस्सा लिया था लेकिन तब क्वालीफिकेशन प्रणाली नहीं थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल