1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. US ओपन: मिक्स्ड डबल्स में बोपन्ना-गैब्रिएला की जोड़ी क्वॉर्टर फाइनल में हारी

US ओपन: मिक्स्ड डबल्स में बोपन्ना-गैब्रिएला की जोड़ी क्वॉर्टर फाइनल में हारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 05, 2016 11:27 pm IST,  Updated : Sep 05, 2016 11:27 pm IST

भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और कनाडा की उनकी जोड़ीदार गैब्रिएला दाब्रोवस्की मिक्स्ड डबल्स के मैच में अपना मुकाबला हारकर यूएस ओपन से बाहर हो गए।

रोहन बोपन्ना।- India TV Hindi
रोहन बोपन्ना।

न्यूयॉर्क: भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और कनाडा की उनकी जोड़ीदार गैब्रिएला दाब्रोवस्की मिक्स्ड डबल्स के मैच में अपना मुकाबला हारकर यूएस ओपन से बाहर हो गए। इन दोनों की जोड़ी को पहला सेट जीतने के बावजूद कोलंबिया के रॉबर्ट फराह और जर्मनी की एना लेना ग्रोएनफेल्ड के खिलाफ मिक्सड डबल्स के क्वॉर्टर फाइनल में शिकस्त का सामना करना पड़ा।

58 मिनट चले मुकाबले में रॉबर्ट और लेना ग्रोएनफेल्ड की जोड़ी के खिलाफ बोपन्ना और गैब्रिएला की जोड़ी को 1-6, 6-2, 10-8 से हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ ही बोपन्ना और गैब्रिएला की जोड़ी अमेरिकी ओपन से बाहर हो गई। इस हार ने यूएस ओपन में बोपन्ना का अभियान भी खत्म कर दिया क्योंकि इससे पहले उन्हें मेन्स डबल्स में भी अपने जोड़ीदार डेनमार्क के फ्रेडरिक नील्सन के साथ शिकस्त झेलनी पड़ी थी। 

बोपन्ना और गैब्रिएला ने मैच की शुरूआत शानदार ढंग से की और पहले सेट में 1-1 के स्कोर के बाद लगातार 5 गेम जीतकर सेट सिर्फ 19 मिनट में जीत लिया। भारत और कनाडा की जोड़ी ने इस दौरान 2 बार विरोधी जोड़ी की सर्विस ब्रेक की। दूसरे सेट में हालांकि रॉबर्ट और लेना ग्रोएनफेल्ड ने जोरदार वापसी की और दो बार बोपन्ना और गैब्रिएला की सर्विस तोड़ते हुए मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। 

टाईब्रेक में भी बोपन्ना और गैब्रिएल की शुरूआत अच्छी रही और यह जोड़ी एक समय 4-0 से आगे चल रही थी, लेकिन रॉबर्ट और लेना ग्रोएनफेल्ड ने लगातार 4 पॉइंट जीतकर स्कोर 4-4 कर दिया। बोपन्ना और गैब्रिएला ने इसके बाद एक बार फिर 7-5 की बढ़त बनाई लेकिन रॉबर्ट और लेना ग्रोएनफेल्ड ने फिर 7-7 पर बराबरी हासिल की। रोबर्ट और लेना ग्रोएनफेल्ड ने 8-8 के स्कोर पर फोरहैंड विनर के साथ मैच पॉइंट हासिल किया और इसके बाद बोपन्ना और गैब्रिएला को अपनी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल