नई दिल्ली: शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल और ली चोंग वेई के लिए आज यहां प्रीमियर बैडमिंटन लीग (PBL) की खिलाडि़यों की नीलामी में सबसे अधिक एक लाख डॉलर की बोली लगी जबकि पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत को क्रमश: 95000 और 80000 डॉलर में खरीदा गया।
दुनिया की नंबर दो महिला खिलाड़ी साइना और पूर्व नंबर एक पुरूष खिलाड़ी ली चोंग वेई को कल रात नीलामी पूर्व बोली में क्रमश: लखनउ के अवध वारियर्स और हैदराबाद हंटर्स ने लगभग 66 लाख 70 हजार 745 रूपये में खरीदा। इन दोनों का नाम हालांकि आज नीलामी सूची में मौजूद था।
विश्व चैम्पियनशिप की दो बार की कांस्य पदक विजेता पीवी सिंधू के लिए दिल्ली, मुंबई और चेन्नई की टीमों ने आक्रामक बोली लगाई लेकिन अंतत: उन्हें चेन्नई स्मैशर्स ने लगभग 63,37,207 रूपये में खरीदा। दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी और इस सत्र में स्विस ओपन और इंडिया सुपर सीरीज का खिताब जीतने वाले श्रीकांत के लिए मुंबई राकेट्स ने लगभग 53,40,756 रूपये खर्च किए।
चोट से उबर रहे राष्ट्रमंडल खेलों के चैम्पियन पारूपल्ली कश्यप को हैदराबाद की टीम ने 35000 डॉलर (लगभग 23,34,760 रूपये) में खरीदा। इसी राशि में अजय जयराम को दिल्ली की टीम ने खरीदा। युगल खिलाड़ी बी सुमित रेड्डी अपने आधार मूल्य 25000 डॉलर (लगभग 16,67,686 रूपये) में बेंगलुरू टाप गन्स की टीम के खाते में गए। सुमित के युगल जोड़ीदार मनु अत्री को भी आधार मूल्य पर मुंबई राकेट्स ने खरीदा।