1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हॉकी: एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर हुए चोटिल सुनील और मनप्रीत

हॉकी: एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर हुए चोटिल सुनील और मनप्रीत

 Written By: IANS
 Published : Oct 14, 2016 05:44 pm IST,  Updated : Oct 14, 2016 05:44 pm IST

भारतीय हॉकी टीम के स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी एसवी सुनील और मिडफील्डर मनप्रीत सिंह चोटिल होने के कारण 20 अक्टूबर से शुरू होने वाले एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में नहीं खेल सकेंगे।

SV Sunil | AP File Photo- India TV Hindi
SV Sunil | AP File Photo

बेंगलुरु: भारतीय हॉकी टीम के स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी एसवी सुनील और मिडफील्डर मनप्रीत सिंह चोटिल होने के कारण 20 अक्टूबर से शुरू होने वाले एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में नहीं खेल सकेंगे। टूर्नामेंट के चौथे संस्करण का आयोजन एशियाई हॉकी महासंघ द्वारा मलेशिया के कुआनतान में हो रहा है। हॉकी इंडिया (HI) ने शुक्रवार को सुनील और मनप्रीत के इस टूर्नामेंट से बाहर होने की पुष्टि की।

खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय दल में शामिल किए गए 27 वर्षीय सुनील की कलाई में रियो ओलंपिक के दौरान लगी चोट का असर अब भी है, वहीं मनप्रीत की कमर में चोट लगी है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच रोलेंट ओल्टमैंस ने कहा, ‘मनप्रीत अपनी चोट को इस स्तर पर संभाल सकते हैं। यह ज्यादा गंभीर नहीं है, लेकिन फिर भी हमने उन्हें आराम देने का फैसला लिया है। सुनील और वीआर रघुनाथ भी मलेशिया में टीम के दौरे के दौरान साई सेंटर में रहेंगे।’ कोच ने कहा कि सुनील और मनप्रीत के बाहर होने के बाद भी उनकी टीम के संयोजन पर असर नहीं पड़ेगा क्योंकि उनके पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो इन 2 बेहतरीन खिलाड़ियों की जगह ले सकते हैं।

मलेशिया में एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय दल में अब सुनील के स्थान पर रमनदीप सिंह और 24 वर्षीय मनप्रीत के स्थान पर आकाशदीप सिंह को शामिल किया गया है। मनप्रीत को इस दौरे के लिए कप्तान और गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश के साथ उपकप्तान का पदभार दिया गया था, लेकिन उनके स्थान पर अब इस टूर्नामेंट में रुपिंदर पाल सिंह को उपकप्तान बनाया गया है।

हॉकी टीम:

गोलकीपर: पी.आर.श्रीजेश (कप्तान), आकाश चिकते।
डिफेंडर: रुपिंदर पाल सिंह (उपकप्तान), प्रदीप मोर, जसजीत सिंह कुलार, बीरेंद्र लाकड़ा, कोथाजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार।
मिडफील्डर: चिंगलेसाना सिंह कांगुजाम, आकाशदीप सिंह, सरदार सिंह, एस.के.उथप्पा, देविंदर वाल्मीकि।
फारवर्ड: तलविंदर सिंह, रमनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, निकिन थिमैया, अफ्फान युसूफ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल